गोंडा। हर वर्ष की भांति अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से श्री अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2019 का सफल आयोजन किया गया। गोंडा के रोजवुड इंटर कॉलेज में देवीपाटन मंडल के 516 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती के विद्यार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। परीक्षा के दौरान छात्रों में उत्साह रहा।
अमर उजाला फाउंडेशन हर वर्ष प्रादेशिक बोर्ड के मेधावी बच्चों को छात्रवृत्ति जीतने का अवसर देता है। जिससे बच्चे अपनी उच्च शिक्षा आसानी से ग्रहण कर सकें। 2019 की परीक्षा में गोंडा के रोजवुड इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र में पंजीकृत 705 बच्चों को परीक्षा देनी थी। इसमें रविवार को परीक्षा केंद्र पर बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी।
परीक्षा केंद्र के 18 कक्षों में परीक्षा कराई गई। बलरामपुर, श्रावस्ती व बहराइच के अलावा गोंडा के कक्षा 9-10 व कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। परीक्षा केंद्र के व्यवस्थापक संतोष श्रीवास्तव, बीना श्रीवास्तव, प्रबंधक अमित पांडेय का सराहनीय सहयोग रहा। केंद्र व्यवस्थापक संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि हाईस्कूल वर्ग के 240 परीक्षार्थियों में 210 और इंटरमीडियट वर्ग के 465 में 306 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी कैमरे लगे थे। हर कमरे में दो कक्ष निरीक्षकों के साथ ही चार-चार सदस्यीय दो टीमों को कमरों की व्यवस्था की निगरानी के लिए लगाया गया था।
इसके अलावा परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने में डीपी शुक्ल, अशोक मिश्र, किशन तिवारी, अमरेश चंद्र श्रीवास्तव, हरीशंकर, रजनी श्रीवास्तव, राघवेंद्र तिवारी, विशाल पांडेय, अजय कुमार मिश्र, संतोष कुमार पांडेय, राजमंगल सिंह, सुनील कुमार, राखाराम गुप्त, संजीव शर्मा, अमरीश तिवारी, प्रदीप मिश्र, अमर शुक्ला, अजय गुप्त, मनोज श्रीवास्तव, अजय उपाध्याय, स्वामीनाथ उपाध्याय व किशन जायसवाल ने कक्ष निरीक्षक की भूमिका बखूबी निभाई। परीक्षा में कॉलेज प्रशासन के अन्य स्टाफ का भी पूरा सहयोग रहा।