लोकसभा चुनाव के सभी क्रिटिकल बूथों पर खुफिया नजर
गोंडा। भारत निर्वाचन आयोग लोकसभा चुनाव को लेकर अलर्ट है। आयोग पूरे देश में शांतिपूर्ण चुनाव कराने को लेकर हर हथकंडे अपना रहा है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से पूरी चुनावी तैयारी पर नजर रखने के साथ अपने कई विंग से इनपुट जुटाई जा रही है।
चुनाव में कहीं कोई गड़बड़ी न हो इसको लेकर खुफिया विभाग से इनपुट मांगी गई है। इसी को लेकर सेंट्रल इंटेलीजेंस ब्यूरो के अधिकारियों ने जिला निर्वाचन कार्यालय से सभी क्रिटिकल बूथों की सूची तलब की है।
लोकसभा चुनाव में कई तरह की गड़बड़ी होने की संभावना को लेकर खुफिया विभाग की जिले पर नजर गड़ गई है। जिले के कई बूथों पर गड़बड़ी होने की संभावना को लेकर रिपोर्ट तैयार कर रही है।
सोमवार व मंगलवार को सेंट्रल इंटेलीजेंस ब्यूरो के अधिकारियों ने जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाकात की। टीम के अधिकारियों की ओर से जिले के सभी क्रिटिकल बूथों की सूची जुटाई गई ।
अधिकारियों की ओर से रिपोर्ट तैयार कर जिले की स्थिति पर भारत निर्वाचन आयोग व पीएमओ को रिपोर्ट भेजी जाएगी। जिले में कई चुनाव से बाहुबलियों की सक्रियता को देखते हुए खुफिया एजेंसियों की भी नजरें टेढ़ी हो गई हैं।
खुफिया विभाग के सूत्रों की माने तो जिले में किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वाले लोगों व क्षेत्र को चिन्ह्ति कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रत्नाकर मिश्र ने मंगलवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का जायजा लिया। उन्होंने जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से लोकसभा चुनाव को लेकर अब तक की जा चुकी तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों से चुनाव को लेकर विन्दुवार बनी पत्रावलियों को तलब कर जानकारी ली। पत्रावलियों में खामियां मिलने पर नाराजगी जतायी।
उन्होंने मतदान को लेकर बनाये गये बूथों पर शौचालय, बिजली, पेयजल, रैम्प व छाया आदि की व्यवस्था को लेकर तैयारियों की रिपोर्ट की समीक्षा की।
उन्होंने निर्वाचन कार्यालय के प्रधान सहायक संजय सहाय को निर्देश दिया कि जिन विभागों की ओर से सौंपे गये कार्य की आपेक्षित रिपोर्ट नही भेजी है उनके लिए चेतावनी के साथ पत्र जारी कराएं। उन्होंने कार्यालय में साफ सफाई को लेकर भी नाराजगी जतायी। कर्मचारियों को जल्द से जल्द व्यवस्था ठीक करने का निर्देश दिया।
गोंडा। लोकसभा चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण क्रिटिकल बूथों की सूची न तैयार कर पाने के मामले में एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी रत्नाकर मिश्र ने तरबगंज तहसील के अधिकारियों की दूरभाष पर क्लास लगाई।
उन्होंने अधिकारियों को सूची न भेजने पर कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि जल्द सूची उपलब्ध न करायी तो कार्रवाई के लिए आयोग को संस्तुति भेज दी जाएगी।
लोस चुनाव में मतदान कर्मियों को ट्रेनिंग देने के लिए जिला मास्टर टे्रनरों को 28 फरवरी से तीन दिवसीय ट्रेनिंग दी जाएगी। दिल्ली से आयी टीम जिले के अलावा आसपास के छह जिलों के ट्रेनरों को गोंडा में ट्रेनिंग देगी।
जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक स्टेट लेवल मास्टर टे्रनर जिले के ट्रेनरों को चुनावी ट्रेनिंग देंगे। जिला टे्रनरों में शामिल एएसडीएम व जिला स्तर के अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से भेजी गई दिल्ली की टीम तीन दिवसीय ट्रेनिंग देगी।
ट्रेनिंग में गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, अयोध्या, बाराबंकी के संबंधित अधिकारियों को 28 फरवरी,01 व 02 मार्च को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में तलब किया गया है।
चुनाव कार्य में बैरीकेडिंग व टेंट और जलपान आदि के कार्य के लिए जिला प्रशासन जल्द निविदा जारी करेगा। विभाग ने इसका खाका तैयार कर लिया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रत्नाकर मिश्र ने निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारियों को पत्रावली तैयार कर निविदा कराने का निर्देश दिया। कार्यदायी संस्थाओं को जिला निर्वाचन कार्यालय चुनाव में सेवाएं देने वाली संस्थाओं से निविदांए प्राप्त कर कार्य को सौंपेगी।