उल्फा के खूंखार आतंकवादी को मारने वाले कैप्टन को सेना मेडल
गोंडा। वर्ष 2015 से 2018 के दौरान आसाम में उल्फा के खूंखार आतंकवादी को मार गिराने वाले सेना के कैप्टन प्रभाकर देव सिंह को मंगलवार को सेना मेडल से सम्मानित किया गया।
कैप्टन प्रभाकर देव सिंह को यह सम्मान मध्य कमान के लेफ्टीनेंट जनरल अभय कृष्णा ने अपने हाथों से दिया। इस दौरान कैप्टन का पूरा परिवार इस सम्मान समारोह में मौजूद रहा।
शहर से मात्र चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित विशुनपुर बैरिया गांव स्वर्गीय डा यशस्कर देव सिंह के पुत्र कैप्टन प्रभाकर देव सिंह 14 डोगरा रेजीमेंट में वर्ष 2015 से 2018 तक आसाम में तैनात रहे।
असम के ऊदलगुड़ी व दाररांग जिले में यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट आफ आसाम (उल्फा) जो उस समय गढ़ माना जाता था। यहां स्वयंभू लेफ्टीनेंट रमेश बोरा उल्फा का एक खूंखार आतंकवादी था और उसने आतंकी घटनाओं को अंजाम देते हुए सीरियल मौत का तांडव खेला था।
इस खूंखार आतंकवादी की तलाश में कैप्टन प्रभाकर देव सिंह ने 18 मई 2016 को अपनी एक सेना की टुकड़ी को लेकर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस सर्च आपरेशन के दौरान कैप्टन प्रभाकर ने खूंखार आतंकवादी रमेश को मार गिराया। इससे उल्फा की गतिविधियों पर उक्त दोनों जिलों में रोक लग गई।
इस सफलता, बहादुरी व अदम्य साहस के लिए मंगलवार को मध्य कमान लखनऊ के सेना कमोडोर लेफ्टीनेंट जनरल ने कैप्टन प्रभाकर देव सिंह को सेना मेडल (वीरता) से सम्मानित किया।
इस दौरान कैप्टन प्रभाकर की मां संध्या पाल सिंह, भाई श्रेयस्कर उर्फ गौरव सिंह, चाची नम्रता सिंह, भाभी सोनी सिंह सभी मौजूद रहीं। बता दें कि प्रभाकर देव सिंह के चाचा मयस्कर देव सिंह भी एअर फोर्स में फाइटर पायलट रहे और मौजूदा समय रक्षा मंत्रालय में वरिष्ठ पद पर तैनात हैं। इस सम्मान से गदगद विशुनपुर बैरिया व गोंडा में लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है।