बैंक लुटेरों को ट्रांजिट रिमांड पर लेगी गोंडा पुलिस
गोंडा। ग्रेटर नोएडा में मुठभेड़ में पकड़े गए गोंडा के इलाहाबाद बैंक की रानीबाजार शाखा से मुख्य गेट पर कैश वैन के गार्ड सादिक की हत्या कर 50 लाख रुपए लूटने के आरोपियों को गोंडा पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेगी।
बता दें कि गोंडा शहर में इलाहाबाद बैंक की रानी बाजार शाखा में 10 अक्तूबर 2017 को बैंक कर्मी कैश वैन में 50 लाख से भरा कैश बाक्स लोड करते समय बाइक से पहुंचे दो लुटेरों ने कैशवैन के गार्ड सादिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी और 50 लाख कैश लेकर फरार हो गए थे।
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने 11 जनवरी की रात दाढारोड पर ईकोटेक वन और सेक्टर 39 के पास से मुठभेड़ के दौरान लूटकांड के आरोपी समय सिंह उर्फ अशोक उर्फ शिब्बो बावरिया व दीपक उर्फ अशोक बावरिया को गिरफ्तार किया था।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस को चकमा देकर दो आरोपी विजय सिंह उर्फ विजुआ निवासी बालू खेड़ा अलीगढ़ और जसमत निवासी भरतपुर राजस्थान मौके से चकमा देकर फरार हो गए थे।
इसकी सूचना मिलते ही गोंडा पुलिस के इंस्पेक्टर अशोक सिंह ग्रेटर नोएडा चले गए थे। इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों की ट्रांजिट रिमांड के लिए ग्रेटर नोएडा के कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर रिमांड के लिए याचना की गई है।
आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए मुकदमे के विवेचक इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने ग्रेटर नोएडा के कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर रिमांड के लिए अर्जी दी है। रिमांड मिलते ही दोनों को गोंडा लाया जाएगा। दोनों से पूछताछ के बाद उनके अन्य साथियों की ब्यौरा तलाशा जाएगा।
आरपी सिंह, पुलिस अधीक्षक