गोंडा के टॉमसन इंटर कॉलेज में पीसीएस-प्री परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। - संवाद
गोंडा। जिले के 18 केंद्रों पर रविवार को आयोजित पीसीएस प्री की परीक्षा में करीब 53 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। 47 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। माना जा रहा है कि परीक्षा में कठिनाई के स्तर को देखते हुए अभ्यर्थियों ने दूरी बना ली।
जिले के जीआईसी व जीजीआईसी समेत 18 केंद्रों पर रविवार को पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित हुई। 7,488 अभ्यर्थियों को पहली पाली में सामान्य अध्ययन प्रथम और दूसरी पाली में द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा देनी थी। पहली पाली में 3,920 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 3,568 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में 3,892 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 3,596 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोेड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि कड़ी निगरानी में सुचारू रूप से परीक्षा कराई गई। मनकापुर समेत दूरदराज के परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया गया।
एसपी विनीत जायसवाल ने जीआईसी समेत शहर के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा की शुचिता के साथ ही व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सभी स्थानों पर सुचारू रूप से परीक्षा कराई गई। कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली है।
अभ्यर्थी बोले- अवधारणा आधारित प्रश्न अधिक आए
गोंडा। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह, फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज और जनता इंटर कॉलेज इटियाथोक समेत अन्य केंद्रों से पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। अधिकतर अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को सामान्य स्तर का बताया तो किसी ने पैटर्न में बदलाव की बात कही। अभ्यर्थियों ने कहा कि इस बार तथ्यों पर आधारित प्रश्नों से अधिक जोर अवधारणात्मक सवालों पर दिया गया। हालांकि माइनस मार्किंग के चलते अभ्यर्थियों ने सटीक सवालों के ही जवाब दिए।