गोंडा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में रिक्त रहे पंचायत के पदों पर उपचुनाव के लिए रविवार को नामांकन हुआ। 15 ब्लाकों की पंचायतों में रिक्त 3987 पंचायत सदस्यों के साथ ही पांच प्रधान व चार बीडीसी के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई।
प्रधान के पांच पदों में करनैलगंज की धनावा पंचायत से प्रधान पद के लिए भाजपा विधायक कुवंर अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैय्या के बेटे वेंकटेश मोहन सिंह ने ही नामांकन किया है।
उनके निर्विरोध निर्वाचन होना तय माना जा रहा है। इसके अलावा तीन हजार के करीब पंचायत सदस्यों के पदों पर भी निर्वाचन निर्विरोध ही होने की उम्मीद है। इन पदों के लिए कुल 4620 नामांकन हुए हैं। फिलहाल सोमवार को नाम वापसी से ही सभी पदों की तस्वीर साफ हो पाएगी।
पंचायतों में सदस्यों के पद रिक्त रहने से 363 पंचायतों में प्रधानों की शपथ ही नहीं हो पाई थी और पहली बैठक भी अभी नही हुई है। उप चुनाव से अब इन पंचायतों के गठन का रास्ता साफ हो गया है।
इसके अलावा चुनाव के बाद पांच पंचायतों में प्रधानों की मौत से रिक्त पदों पर भी चुनाव हो जाएंगे। इसके बाद ही सभी 1214 पंचायतों में अपनी सरकार का गठन हो सकेगा। चार पंचायतों में अभी चुनाव की स्थिति बनी है, यह अलग बात है कि अभी नाम वापसी का समय अवशेष है।
इससे माना जा रहा है कि चुनाव की स्थितियों में कुछ तस्वीर साफ होगी। पंचायत चुनाव के प्रभारी एडीएम राकेश सिंह का कहना है कि प्रक्रिया पूरी की जा रही है। सोमवार को नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, इसके बाद 12 जून को मतदान होंगे। 14 जून को मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा होगी।
करनैलगंज की ग्राम पंचायत धनावा में विधायक कुंवर अजय प्रताप सिंह के पुत्र कुंवर वेंकटेश मोहन प्रताप सिंह को मैदान में उतरे। रविवार को नामांकन के लिए पर्चों की विक्री का समय समाप्त होने तक एकमात्र नामांकन उनका ही बिका था।
बाकी किसी अन्य ने न तो पर्चे की खरीद की न ही नामांकन के लिए कोई आगे आया। धनावा रियासत से पहली बार लल्ला भैया के पुत्र वेंकटेश मोहन सिंह किसी चुनाव के मैदान में उतरे हैं।
ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों के लिए रविवार को नामांकन जमा किए गए। विकासखंड इटियाथोक के करीब 35 ग्राम पंचायत में पंचायतों का गठन नहीं हो सका है। यहां पर कई ग्राम पंचायत सदस्यों के पद खाली रह गए थे। रविवार को इन ग्राम पंचायतों के रिक्त ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र जमा के लिए काफी संख्या में लोग विकासखंड परिसर में जुटे।
करीब 350 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं शाम पांच बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। कटरा बाजार ब्लाक में पंचायत टेढ़ी में नामांकन कराने विधायक बावन सिंह पहुंचे। शाम तक नामांकन हुए। परसपुर के चरहुंआ गांव में प्रधान पद के साथ ही रिक्त सदस्यों के पदों के लिए नामांकन हुए। इसी तरह हर ब्लाक में नामांकन का उत्साह रहा।