गोंडा। कोरोना वायरस का संक्रमण इस समय लोगों की लापरवाही के चलते तेजी से फैल रहा है। बताया जा रहा है कि लोग अपनी और आसपास के लोगों की फिक्र किये बगैर ही लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे में अपने साथ ही अपने परिवार के लोगों की भी जान को खतरे में डाल रहे हैं। शुक्रवार को हुई जांच में मैजापुर शुगर मिल के 5 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। वहीं शहर के विष्णुपुरी कॉलोनी, जानकीनगर, आवास विकास कालोनी, फोरविसगंज आदि सहित कई इलाकों में कोरोना संक्रमित पाये गये हैं।
बताया जा रहा है कि एक लेखपाल जो कि सदर तहसील में तैनात था, उसकी मौत भी दो दिन पहले हो गई थी। उमरीबेगमगंज क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में भी कोरोना का संक्रमण पहुंच गया है। वहां का एक स्टाफ कोरोना संक्रमित पाया गया है और कुछ अन्य लोगों के भी कोरोना की चपेट में आने की आशंका है। बताया जा रहा है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर हुई जांच में वे संक्रमित पाये गये हैं। अब तक जिले में कुल 3089 लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। इसमें 2550 लोग ठीक हो चुके हैं।
सतर्कता जरूरी
जिले में करीब 75 हजार लोगों की जांच हो चुकी हैं। जिसमें से अब तक 3089 लोग कोरोना से संक्रमित पाये गये हैं। इसलिए आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण की दर काफी कम है। वहीं अब तक जिले में कोरोना से 31 लोगों की मौत हुइ है। सबसे जरूरी बात ये है कि जो लोग कोरोना की चपेट में आने के बाद ठीक हो चुके हैं, उन्हें खासतौर पर सतर्कता बरतने की जरूरत है। जिससे कि वो दोबारा कोरोना की चपेट में न आने पायें। -डॉ. मधु गैरोला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी