गोंडा। जिस रफ्तार से मंडल में कोरोना मरीज सामने आ रहे हैं, उससे तेज गति के साथ कोरोना के संक्रमित ठीक भी हो रहे हैं। आयुक्त महेन्द्र कुमार ने बताया है कि मंडल में आज तक 165 कोरोना पॉजिटिव मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। सबसे अधिक 62 मरीज बहराइच और 46 कोरोना संक्रमित गोंडा से ठीक होकर लौटे हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए मंडल के जनपदों में लक्षणों के आधार पर सैंपलिंग का कार्य लगातार किया जा रहा है।
गुरूवार को कोविड-19 टेस्टिंग के लिए संबद्ध प्रयोगशाला को कुल 601 सैंपल भेजे गए। जिसमें जनपद गोंडा से 115, जनपद बलरामपुर से 173, बहराइच से 204 तथा श्रावस्ती से 109 सैंपल भेजे गए हैं। आयुक्त ने बताया कि मंडल में कुल 242 कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं। जिसमें जनपद गोंडा में 70, बलरामपुर में 44, बहराइच में 89 तथा श्रावस्ती में 39 कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं।
मंडल में जनपद श्रावस्ती के 01 तथा जनपद बलरामपुर के 01 कुल 02 कोरोना पॉजिटिव मरीज की मृत्यु हो चुकी है। जबकि शेष 240 कोरोना पॉजिटिव मरीज में से 165 को ठीक होने बाद उन्हें उनके घरों को भेजा जा चुका है। ठीक होने वाले मरीजों में जनपद गोंडा के 46, बलरामपुर के 30, बहराइच के 62 तथा श्रावस्ती के 27 मरीज शामिल हैं।