करनैलगंज (गोंडा)। कस्बे में कोरोना के मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को नगर के दो बड़े व्यापारियों समेत 41 पॉजिटिव केस पाए गए हैं। जिसमें तीन केस गांधीनगर मोहल्ले के हैं, एक केस मोहल्ला बालूगंज और एक कोतवाली करनैलगंज के कार्यालय कर्मचारी का है। नगर का गांधीनगर मोहल्ला लगातार दो महीने से कोरोना को लेकर सुर्खियों में है। इसी मोहल्ले के एक व्यापारी और उनके दो परिजन पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं बालूगंज मोहल्ले के सराफा के बड़े व्यापारी पॉजिटिव पाए गए।
करनैलगंज क्षेत्र में कोरोना के मरीजों की संख्या करीब सवा सौ के आसपास हो गई है। कोतवाली करनैलगंज में अब तक आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। जिससे लोगों में दहशत बरकरार है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुरेश चंदरा का कहना है कि पॉजिटिव पाए जाने वाले रोगियों को होम आइसोलेशन पर रखा जा रहा है और उनसे लगातार संपर्क किया जाता है। किसी प्रकार की समस्या होने पर उन्हें कोविड-19 लेबल वन में शिफ्ट कराने की व्यवस्था रखी जाती है।
उन्होंने बताया कि जांच का दायरा बढ़ाया गया है इसलिए मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। उधर ग्राम लालेमऊ के मजरा रौतन पुरवा में अब तक एक दर्जन से भी अधिक पॉजिटिव केस मौजूद हैं। जो होम आइसोलेशन में रखे गए हैं। उपजिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता ने बताया कि गांधीनगर मोहल्ले में पॉजिटिव केस मिलने के बाद एक बार फिर मोहल्ले को सील करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
डीजल लोको लॉबी में 8 कोरोना संक्रमित मिले
गोंडा। रेलवे के डीजल लोको लाबी में शुक्रवार को कोरोना का रैपिड टेस्ट किया गया। कुल 106 लोगों की जांच की गई जिसमें से 8 लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। रेलवे अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एसके मिश्रा की अगुवाई में जांच ने रेल कर्मचारियों की जांच की।
बता दें कि इसके पूर्व कुछ लोको पायलट, गार्ड और कई अन्य कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाये जा चुके हैं। आपीएफ और जीआरपी के कई सिपाही भी कोरोना संक्रमित पाये गये थे। ऐसे में रेलवे की ओर खास एहतियात बरते जा रहे हैं जिससे कोरोना के संक्रमण की चेन को रोका जा सके। डॉ. एसके मिश्रा ने बताया कि सभी कर्मचारियों को होम आइसोलेशन में रहने को कहा गया है।