तुलसीपुर क्षेत्र की करीब 40 हजार आबादी बदहाल विद्युत व्यवस्था से परेशान है। फीडर में खराबी के चलते करीब एक सप्ताह पूर्व विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी जो सोमवार तक भी बहाल नहीं हो पाई। लोगों को 24 घंटे में 18 घंटे की जगह मात्र चार घंटे ही बिजली मिल रही है। विभागीय अफसर शीघ्र ही खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल करने का दावा तो कर रहे हैं लेकिन इसका असर नहीं दिख रहा है। रमजान व उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं मिलने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
बताते चलें कि करीब एक सप्ताह पूर्व विद्युत उपकेंद्र तुलसीपुर के हरैया सतघरवा फीडर का इंसुलिन खराब हो गया था। इसके चलते सिकटिवा, विशुनपुर, ओडाझार, कल्यानपुर, बेलीखुर्द, नैकिनिया, अहलादडीह, महमूदनगर, शंकरपुर, शिवपुरा सहित करीब 40 गांव की विद्युत आपूर्ति बेपटरी हो गई है।
इन गांवों की करीब 40 हजार आबादी भीषण गर्मी में बिजली नहीं आने से परेशान है। मोबाइल चार्ज कराने के लिए लोग बाजारों में लगे जनरेटर का किराया चुका रहे हैं। क्षेत्रवासी बलवीर सिंह, विजय गुप्ता, भूपेंद्र, सत्यप्रकाश, अभिषेक आदि ने बताया कि 24 घंटे में आंखमिचौली की तरह विद्युत आपूर्ति कर कॉर्पोरेशन के अफसर खुद का दामन बचाने में जुटे हैं।
व्यापारी नेता रूपचंद्र गुप्ता, श्याम अग्रहरि, रामजी आर्य आदि ने बताया कि एसडीओ व जेई की लापरवाही के कारण लोगों को बदहाल विद्युत व्यवस्था से निजात नहीं मिल रही है। इन लोगों ने एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन मोतीलाल से शीघ्र फाल्ट ठीक कराकर रोस्टर के मुताबिक विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। इस संबंध में एसडीओ विद्युत उपकेंद्र तुलसीपुर रामअचल ने बताया कि फाल्ट ठीक किया जा रहा है। शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।