गोंडा। जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी करीब 40 हजार किशोरियों को मुफ्त में सर्वाइकल कैंसर रोधी टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए 90 दिनों तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों के तहत बुधवार को सीएमओ कार्यालय में ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (टीओटी) कार्यशाला हुई।
राज्य स्तरीय प्रशिक्षक डॉ. नितिन ने सभी विकासखंडों के चिकित्सा अधीक्षकों, बीपीएम और बीसीपीएम को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित किया। कार्यशाला में बताया गया कि अभियान के दौरान आधुनिक कैंसर स्क्रीनिंग वैन गांव-गांव पहुंचेगी। जांच के लिए सेल्फ टेस्टिंग किट भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे शुरुआती स्तर पर ही बीमारी की पहचान संभव हो सकेगी।
जल्द ही अभियान के शुभारंभ की तिथि घोषित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए टीकाकरण अत्यंत प्रभावी उपाय है। किशोरियों और उनके अभिभावकों को जागरूक कर अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाएगा। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जयगोविंद, एसीएमओ डॉ. आदित्य वर्मा व डॉ. सीके वर्मा, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी देवेंद्र श्रीवास्तव, वैक्सीन स्टोर प्रभारी पंकज तिवारी, डीसीपीएम डॉ. आरपी सिंह, डीपीएम अमरनाथ, एआरओ अरुण श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।