पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए शनिवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। शनिवार को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कई दिग्गज उम्मीदवारों के परचा भरने से काफी गहमागहमी रही। सदर तहसील क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य की 16 सीटों पर कुल 355 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
शनिवार को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन करने वाले लोगों से जिला उप निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के आसपास काफी गहमागहमी रही।
जिन लोगों ने एक अक्टूबर को नामांकन नहीं किया था, उन्होंने शनिवार को परचा भरा। सदर तहसील के झंझरी ब्लॉक, रुपईडीह, मुजेहना, पंडरीकृपाल व इटियाथोक क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य पद की 16 सीटों के लिए 255 लोगों ने नामांकन किया।
जिला पंचायत सदस्य के लिए असिधा से शशि कुमारी, बछईपुर से सविता तिवारी, असिधा जिला पंचायत क्षेत्र से रुचि पांडेय, काजी देवर से शानम, अनीता, मेहनौन से पूनम द्विवेदी, नीता पांडेय, बछईपुर से प्रियंका मिश्रा, प्रतिभा सिंह, उजैनी से सुशीला गौतम, निर्मला देवी ,इटहिया नवीजोत से नीलम शुक्ल, पंडरी पूर्वी से श्रेयष्कर देव उर्फ गौरव सिंह, भदुआ तरहर से नीरज मौर्य व बृजेश जायसवाल ने नामांकन किया।
दूसरे चरण के नामांकन का शनिवार को आखिरी दिन होने की वजह से लोगों की काफी भीड़ रही। इस बाबत जिला उप निर्वाचन अधिकारी त्रिलोकी सिंह ने बताया कि जितने नामांकन किए गए हैं, उनकी जांच रविवार को की जाएगी।
पंचायत चुनाव में ब्लॉकवार क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए शनिवार तक कुल 1650 लोगों ने नामांकन किया। सदर तहसील क्षेत्र के झंझरी, पंडरीकृपाल, मुजेहना, रुपईडीह व इटियाथोक ब्लॉक के अलग-अलग क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत पद के लिए कुल 1650 लोगों ने नामांकन किया।
दूसरे चरण के लिए हुए नामांकन पत्रों की जांच रविवार को होगी। जिला पंचायत सदस्यों के नामांकन पत्रों की जांच नामांकन स्थल एडीएम/जिला उ पनिर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में होगी। जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नामांकन पत्रों की जांच ब्लॉकवार रिटर्निंग अफसर करेंगे। प्रथम चरण के लिए नामांकन पत्रों की जांच के बाद जो उम्मीदवार बचेंगे, उन्हें नाम वापसी लेने का मौका छह अक्टूबर को रखा गया है। इसी दिन शाम तक उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा।