गांव के गरीबों को दी जाने वाली समाजवादी पेंशन योजना पर ग्राम प्रधानों की दबंगई व राजनीति भारी पड़ रही है। अपने चहेतों को पेंशन दिलाने के लिए गांवों में प्रधानों की खींचतान से 326 ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव समय सीमा बीत जाने के बाद भी जिले पर नहीं पहुंच सके हैं। ग्राम प्रधानों की इस दबंगई व पंचायत सचिवों की लापरवाही से करीब पांच हजार पात्र लाभार्थी पेंशन से वंचित होने के कगार पर पहुंच गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2016-17 में शासन ने जिले को 16 हजार समाजवादी पेंशन देने का लक्ष्य आवंटित किया है। इसके लिए जिले की 1054 ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव मांगे गए थे। इसके लिए गांवों में खुली बैठक कराकर समाजवादी पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए गांव के पात्र लोगों का चयन करना था।
चयन से लेकर प्रस्ताव तक की जिम्मेदारी गांव के सचिव को सौंपी गई थी। इन पात्र लाभार्थियों के चयन के बाद 20 मई तक उनके नाम का प्रस्ताव बनाकर उसे जिला समाज कल्याण अधिकारी के कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए थे। प्रस्ताव आने के बाद इन नामों की 30 जून तक फीडिंग करायी जानी थी। लेकिन गांवों में प्रधानों की राजनीति के चलते समाजवादी पेंशन योजना के लिए पात्रों का चयन नहीं हो पा रहा है।
अपने चहेतों को पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए ग्राम प्रधान मनमाफिक सूची का प्रस्ताव भेजना चाहते हैं, जबकि अपात्रों का नाम प्रस्तावित कर गांव के पंचायत सचिव कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते। इसी रस्साकसी ने इस योजना के संचालन में रोड़ा अटका दिया है।
इस योजना के लिए प्रस्ताव किए जाने की तारीख बीत जाने के बाद भी प्रधानों की मनमानी से 326 गांवों के प्रस्ताव जिले पर नहीं पहुंच सके हैं। प्रस्ताव न मिलने से इन गांवों के करीब पांच हजार पात्र लाभार्थी समाजवादी पेंशन योजना का लाभ पाने से वंचित होने के कगार पर पहुंच गए हैं।
समाजवादी पेंशन योजना के प्रस्ताव भेजने में हीलाहवाली करने वाले ग्राम पंचायत अधिकारियों पर निलंबन की तलवार लटक गई है। जिलाधिकारी ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिला समाज कल्याण कल्याण अधिकारी से प्रस्ताव न भेजने वाले ग्राम पंचायत सचिवों की सूची तलब की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर शनिवार तक समाजवादी पेंशन की सूची नहीं जमा हुई तो संबंधित गांव के सचिव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
समाजवादी पेंशन योजना का प्रस्ताव न भेजने वाली ब्लॉकवार ग्राम पंचायतें
विकास खंड अवशेष ग्राम पंचायत
छपिया 49
झंझरी 45
नवाबगंज 43
करनैलगंज 42
मुजेहना 30
वजीरगंज 28
रूपईडीह 20
बेलसर 18
कटरा बाजार 14
पंडरी कृपाल 13
तरबगंज 09
इटियाथोक 08
परसपुर 03
बभनजोत 02
मनकापुर 01
हलधरमऊ 01