तेज रफ्तार जीप ने बालिका को रौंदा, मौत
गोंडा।
क्षेत्र के चंदापुर बाजार में रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार जीप ने आठ वर्षीया बालिका को रौंद डाला। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने चालक को वाहन समेत पकड़ लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में बालिका के पिता ने थाना वजीरगंज में चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बहराइच जनपद के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के राजापुर ग्रांट गांव के मजरे गोसाईपुरवा के रहने वाले रामपाल गोस्वामी ने बताया कि वह परिवार के साथ रविवार को अयोध्या मुंडन कराने गए थे।
वहां से वापस लौटते समय उन्हें चंदापुर तक की सवारी ही मिली। वह सभी दूसरी सवारी के इंतजार में सड़क के किनारे खड़े थे। इसी बीच नवाबगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार जीप ने उसकी पुत्री अंशिका(8) को रौंद डाला। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने चालक को जीप समेत पकड़ लिया और थाने ले आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रामपाल गोस्वामी ने थाना वजीरगंज में जीप चालक मकसूद निवासी संझवल प्रेम नगर थाना कोतवाली देहात जनपद बलरामपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष मनोज कुुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।