बैंक स्वीपर ने ग्राहकों के खाते से निकाले चार लाख
गोंडा। बैंक ग्राहकों के धन में लगातार बढ़ रही सेंधमारी की घटनाओं में शुक्रवार को एक और शर्मनाक घटना सामने आई है। हमेशा की तरह इस बार भी एक बैंक के तीन खाताधारक निशाना बने जिनके खाते से चार लाख रुपये निकल गए।
लेकिन इस बार खाते से रुपया उड़ाने वाला बैंक मैनेजर नहीं बल्कि बैंक मेें तैनात स्वीपर है जिसने अपने साथी से मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इटियाथोक थाने के प्रभारी निरीक्षक आरके शुक्ला ने बताया कि सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा में करुवापारा निवासी शैलेंद्र दुबे स्वीपर पद पर तैनात है। शैलेंद्र ने अपने साथी इटियाथोक गांव के अमित उर्फ पिंटू के साथ मिलकर अपने ही बैंक तीन खाताधारकों के खातों से चार लाख से अधिक की निकासी कर ली।
दोनों युवक बिना एटीएम वाले खाताधारकों का एटीएम निकालते थे फिर पिन प्राप्त कर लेते थे इसके बाद रुपये निकाल लेते थे। दोनों की साजिश का उस समय पर्दाफाश हुआ जब बीते दिसंबर माह में ग्राम बस्ती के राज नारायण शुक्ला ने अपने खाते से 240000 रुपये निकाल लिए जाने की एफआईआर दर्ज कराई।
बाद में बेनीपुर के रामयज्ञ व एक अन्य किसान ने भी अपने केसीसी खाते से करीब दो लाख रुपये निकाले जाने की शिकायत की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो मामला परत दर परत खुलने लगा।
साजिश की पुष्टि हो जाने पर पुलिस ने दोनों को दबोच लिया जिस पर युवकों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने इनके पास 19 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शुक्रवार को दोनों युवकों को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।