गोंडा। बेसिक स्कूलों में अब जनवरी माह में ही प्रेरणा एप योजना लागू हो जाएगी। इसके लिए 2670 स्कूलों को टैबलेट देने की कार्रवाई शुरू हो गई है। विभाग ने इसके लिए तैयारी पूरी कर ली है। शिक्षकों को बायोमीट्रिक हाजिरी इसी एप से लगानी होगी।
व्यवस्था लागू करने के लिए विभाग ने बाधा भी दूर कर ली है। जल्द ही सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को टैबलेट देने के लिए शासन ने मंजूरी दे दी है। बेसिक शिक्षा विभाग ने पिछले सत्र में प्रेरणा एप लागू किया था, लेकिन शिक्षक संघ ने अपने मोबाइल में एप अपलोड करने से साफ मना कर दिया था। संगठनों की मांग थी कि शिक्षकों को टैबलेट दिया जाए, इसी के बाद प्रेरणा एप योजना लागू करेंगे। शासन ने इसके लिए स्कूलों की संख्या मांगी है।
बेसिक स्कूलों को एप डाउनलोड करने के लिए अब टैबलेट दिए जाने की तैयारी पूरी हो गई है। जनवरी में टैबलेट मिलना तय हो गया है। टैबलेट पर प्रेरणा एप प्रधानाध्यापक डाउनलोड करेंगे। इस एप के माध्यम से सभी शिक्षकों को स्कूल पहुंचने और बंद करते समय स्कूल भवन और बच्चों के साथ अपनी फोटो भेजनी होगी।
इसके साथ ही एमडीएम पकाते और खाते समय की फोटो भी भेजनी है। प्रेरणा एप व्यवस्था लागू होने से शिक्षकों को समय से स्कूल पहुंच कर पूरे समय स्कूल में उपस्थिति अनिवार्य है। शिक्षकों ने विभाग से मोबाइल या टैबलेट उपलब्ध कराने पर एप के माध्यम से काम करने को कहा था।
ऐसे में विभाग ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को मोबाइल के बजाय टैबलेट उपलब्ध कराने को हरी झंडी दे दी है। टैबलेट देने के साथ ही जल्द ही प्रशिक्षण कराने की तैयारी भी की गई है। एप लागू होने के पहले जिले को 2670 टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें 2670 स्कूलों के प्रधानाध्यापक शामिल हैं और टैबलेट मिलने के बाद सीधे 10 हजार शिक्षक व शिक्षामित्र इससे जुड़ जाएंगे।
शासन के निर्देशों के तहत कार्रवाई की जाएगी। टैबलेट मिलने के बाद स्कूलों को दिया जाएगा। स्कूलों की संख्या के बारे में जानकारी शासन को भेजी जा चुकी है।
- डॉ. इंद्रजीत प्रजापति, बीएसए