चुनाव प्रचार करते छात्र (फाइल फाेटाे)
जिले के 20 हजार छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं। लेखपालों के एक सप्ताह के हड़ताल पर चले जाने से आय व जाति प्रमाण पत्र के लिए आने वाले आवेदन पर रिपोर्ट नहीं लग पा रही है। इससे तहसीलवार आए करीब 23 हजार आवेदन लंबित हैं। छात्रवृत्ति के लिए आय व जाति प्रमाण पत्र का लगाया जाना जरूरी है। आय व जाति प्रमाण पत्र के अभाव में छात्र छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 अगस्त बताई जा रही है। इस योजना के लाभ के लिए अभी करीब 23 से 30 हजार छात्र-छात्राओं ने आय व जाति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर रखा है।
लेखपालों के हड़ताल पर रहने से आय व जाति प्रमाण पत्र के लिए ऑन लाइन किये गए आवेदन पत्रों पर लेखपालों की रिपोर्ट नहीं लग पा रही है। आय व जाति प्रमाणपत्र के लिए आए ऑनलाइन आवेदन तहसीलवार अधिकारियों के पोर्टल पर डंप हैं। छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन की तिथि धीरे धीरे निकलती जा रही है। इसको लेकर छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों में बेचैनी है।
उन्हें चिंता है कि समय के अंदर उन्हें यदि आय व जाति प्रमाण पत्र न मिल सका तो वह छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से वंचित हो जाएंगे। शहर के मोहल्ला पटेल नगर निवासी शुभम, महराजगंज निवासी अतुल कुमार ने 15 दिन पहले आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था जो तहसील में डंप है।
बताया जाता है कि लेखपालों का 29 अगस्त के बाद से विधान भवन के घेराव का कार्यक्रम हैं। ऐसे में तय समय के अंदर लोगों को आय प्रमाण पत्र आदि मिल पाना मुश्किल है। यदि इसके लिए समय न बढ़ा तो करीब 23 हजार छात्र सरकारी लाभ वंचित हो जाएंगे।
एडीएम गोंडा त्रिलोकी सिंह ने कहा कि 23 से 29 तक लेखपालों के हड़ताल पर रहने के कारण आय व जाति आदि प्रमाणपत्रों के लिए तहसीलवार आए आवेदन पत्र पर लेखपालों की रिपोर्ट नहीं लग पा रही है। इससे तहसीलों में ऑनलाइन आने वाले आवेदन पत्रों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन तिथि बढ़ेगी। इस पर विचार कर कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलवार आय व जाति प्रमाण पत्रों के लंबित आवेदन
तहसील लंबित आवेदन
गोंडा सदर - 6500
करनैलगंज- 6000
मनकापुर - 5000
तरबगंज - 5500
कुल - 23000