गोंडा। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को जिले के पांच केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में अधिकांश अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि दोनों पालियों में कुल 170 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिले में पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज, एलबीएस महाविद्यालय मुख्य परिसर और एलबीएस महाविद्यालय विज्ञान परिसर को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और निर्धारित नियमों के तहत ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
पहली पाली में पंजीकृत 2352 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2182 उपस्थित रहे, जबकि 170 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी उपस्थिति का आंकड़ा यही रहा। उपस्थित अभ्यर्थियों ने दोनों पालियों में परीक्षा दी।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। इसके अलावा उड़नदस्ता टीमों और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार निरीक्षण कर व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई गई। कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।