पकवान में सभी का जन्मदिन एक जनवरी को
गोंडा। बेलसर ब्लॉक के पकवान गांव ऐसा गांव है जहां सभी का जन्मदिन एक जनवरी को है। गांव परिवार रजिस्टर में लोगों की जन्मतिथि के कालम में 1 जनवरी ही दर्ज है।
इसका खुलासा तरबगंज के विधायक प्रेम नरायण पांडे ने किया है। उन्होंने चौपाल में लोगों की समस्याएं सुनी और परिवार रजिस्टर का निरीक्षण किया तो चौंक पडे़।
उन्होंने पूरे मामले की जानकारी जिलाधिकारी कैप्टन प्रभांशु श्रीवास्तव को दिया। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को मामले की जांच सौंपी है।
उपजिलाधिकारी सौरभ भट्ट का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
ग्राम पंचायत के निवासियों का ब्यौरा परिवार रजिस्टर में दर्ज होता है और इसकी जिम्मेदारी गांव के पंचायत अधिकारी की है।
गांव में जन्म व मृत्यु का रेकार्ड भी पंचायत अधिकारी ही दर्ज करता है। यहां तक की विवाह आदि का पंजीयन भी होता है। परिवार रजिस्टर पंचायत के प्रमुख अभिलेखों में माना जाता है।
किसी भी व्यक्ति के निवास प्रमाण पत्र जारी होने या फिर पारिवारीजन प्रमाण पत्र आदि के लिए भी परिवार रजिस्टर आधार ही होता है। माना जा रहा है कि परिवार रजिस्टर में चूक है तो लोगों की समस्या बढ़ सकती है।
परिवार रजिस्टर की समीक्षा सहायक विकास अधिकारी पंचायत को करनी होती है। अब पकवान गांव में एक ही तिथि जन्मतिथि के रुप में दर्ज होने से कई दिक्कत आ सकती है।
लोगों को आगे के सरकारी कार्यों में परिवार रजिस्टर का प्रयोग करने पर कठिनाई होगी। फिलहाल विधायक की निगाहें पड़ने के बाद मामले की छानबीन शरू हुई है।
परिवार रजिस्टर को अपडेट करने में लापरवाही
पकवान गांव में हुए खुलासे से इस बात की पुष्टि हो गई है कि परिवार रजिस्टर को अपडेट नही किया जा रहा है। ग्राम पंचायत अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है कि पंचायत रजिस्टर अपडेट किए रहे हैं। विभाग के अधिकारी इसके बाद भी सुधार नही हो रहा है, परिवार रजिस्टर दुरुस्त करने के कार्य में रुचि ही नही लेते हैं।