गोंडा। तरबगंज के पीडी बंधे पर तीन दिन पहले मिले युवती के शव के मामले में अयोध्या व देवीपाटन मंडल के जिलों से पुलिस जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस ने एससीआरबी (राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो) और दोनों मंडलों के सभी जिलों के डीसीआरबी (जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो) को युवती का फोटो भेजकर शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
युवती की शिनाख्त के लिए एसओजी, सर्विलांस समेत 12 टीमें लगाई गई हैं। तरबगंज के साथ ही वजीरगंज, उमरीबेगंज पुलिस को भी जिम्मेदारी दी गई है। दो दिन में पुलिस ने अयोध्या के सोहावल तक 200 सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
युवती को किसी वाहन से लाकर यहां फेंकने की संभावना पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। युवती की पहचान के लिए पुलिस ने तरबगंज व नवाबगंज के लोलपुर तक घरों, दुकानों व चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पुलिस ने अयोध्या से शव किसी वाहन से लाकर यहां फेंके जाने की आशंका पर तरबगंज से नवाबगंज होते हुए ढेमवाघाट रूट के और अयोध्या के सोहावल तक जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि एससीआरबी के साथ ही अयोध्या और देवीपाटन मंडल के जिलों के डीसीआरबी को रिपोर्ट भेजकर गुमशुदगी और अपहरण से संबंधित जानकारी मांगी गई है। सीओ तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह ने बताया कि पुलिस की 12 टीमें जांच कर रही हैं, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।