गोंडा। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश पाने के लिए पहले चरण में 369 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। जिसमें 236 आवेदन स्वीकृत हुए और 133 आवेदन मानक की कसौटी पर खरे साबित न होने के कारण निरस्त कर दिए गए। स्वीकृत 236 में 199 आवेदक बच्चों को पढ़ने के लिए विद्यालय का आवंटन भी कर दिया गया। बच्चे हुए 37 बच्चों के विद्यालयों की आवंटन प्रक्रिया भी जल्दी पूरी होगी।
पहले चरण के आवेदन 19 दिसंबर तक हुए थे। जिसके बाद लॉटरी से 27 दिसंबर तक बच्चों के प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का चयन किया गया। इसके बाद विद्यालयों के आवंटन की सूची जारी की गई है। जरूरतमंद बच्चों को निजी शिक्षण संस्थानों में आरटीई के तहत प्रवेश दिलाया जाता है। इसके लिए एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले निर्धन परिवारों के बच्चे आवेदन करते हैं। इस बार दिसंबर माह से ही प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ताकि नया शैक्षिक सत्र शुरू होने से पहले ही आरटीई प्रवेश प्रक्रिया को पूरा करा लिया जाए।
जिला समन्वयक प्रशिक्षण प्रेमचंद्र मिश्र ने बताया कि दूसरे चरण के आवेदन प्रक्रिया 1 से 19 जनवरी तक, सत्यापन 20 से 23 जनवरी तक व लॉटरी 24 जनवरी को होगी। बीएसए अतुल तिवारी ने बताया कि निजी विद्यालयों में प्रवेश चयनित विद्यार्थी नये शैक्षिक सत्र में पा सकेंगे। बताया कि इस बार प्रवेश की प्रक्रिया नये शैक्षिक सत्र में पूरा कर लिया जाएगा। जिससे विद्यालयों में पढ़ाई में किसी तरह की दिक्कत न आए। यह व्यवस्था पहली बार लागू की गई है।