एमडीबी सिंह इंटर काॅलेज तरबगंज में रोजगार मेले में मौजूद अभ्यर्थी। स्रोत: विभाग
तरबगंज (गोंडा)। कस्बे के एमडीबी सिंह इंटर कॉलेज में मंगलवार को जिला सेवायोजन विभाग की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें सात कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर 216 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। कंपनियों ने 195 युवाओं को नौकरी का ऑफर दिया है। ये कंपनियां अपनी सेवा व शर्तों के आधार पर अभ्यर्थियों को आसपास के जिलों में काम करने का मौका देंगी।
कॉलेज परिसर में आयोजित रोजगार मेले का बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य विनोद पांडेय व विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश पांडेय और कॉलेज प्रबंधक जितेंद्र प्रताप सिंह ने शुभारंभ किया। सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी गुलाब चंद्र मौर्य ने बताया कि रोजगार मेले में ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक हर्बल कंपनी, हंसवाहिनी एम्प्लॉयमेंट सर्विस, स्टार ग्रुप मैनपावर, चैतन्य इंडिया फाइनेंस, जयभारत मैनपावर, न्यू जीवनदीप इंटरप्राइजेज, वीनस इंटरप्राइजेज कंपनी शामिल हुईं।
रोजगार मेले में 216 अभ्यर्थी आए। इनमें से 195 को जॉब ऑफर मिला है। कॅरिअर काउंसिलर अनुज प्रताप सिंह ने रोजगार के बेहतर अवसर के लिए युवाओं का मार्गदर्शन दिया। इस मौके पर प्रधानाचार्य केके सिंह, ईओ अमरनाथ राम सहित अन्य मौजूद रहे।