बस से कुचल कर बुजुर्ग की मौत
मनकापुर(गोंडा)। शुक्रवार को बस की चपेट में आ जाने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बस को कोतवाली ले आई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
बिहार के रहने वाले हामिद मिया उम्र (80) पुत्र इमान मिया शुक्रवार को नाती शमशुद्दीन व अपनी बेटी सफीना को उसके ससुराल ग्राम गौराचौकी मजरे मझारी थाना खोड़ारे छोड़ने के लिए बिहार से ट्रेन से आए थे।
मनकापुर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वह पैदल प्राइवेट बस अड्डा पर पहुंचे जहां गौराचौकी जाने वाली बस पर चढ़ने लगे। इसी बीच चालक ने बस बढ़ा दी। जिससे हामिद मिया बस के पायदान से फिसलकर बस के नीचे जा गिरे। उनकी कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बस को कोतवाली ले आई है। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।