अगवा करने आए आठ बदमाशों पर भारी पड़ीं दो बहनें
चार बाइक पर सवार होकर आए थे बदमाश, दो बहनों ने एक को घसीटकर पीटा तो बाकी भाग निकले
गोंडा। महिलाओं को अबला समझकर उनके साथ बदनीयती करने का मंसूबा आठ युवकों को भारी पड़ गया। शुक्रवार शाम शौच के लिए गांव से बाहर निकली दो सगी बहनों को चार बाइक पर सवार होकर आए आठ युवकों ने अगवा करने का प्रयास किया।
छोटी बहन की जान खतरे में देख बड़ी बहन हिम्मत दिखाते हुए बाइक सवार युवकों से भिड़ गई और शोर मचाते हुए एक युवक का हाथ पकड़कर उसे बाइक से नीचे घसीट लिया। इस अप्रत्याशित हमले से घबराए उसके बाकी साथी भाग निकले जबकि पकड़ में आए युवक को दोनो बहनों ने जमकर पीटा और उन्हें घसीटते हुए अपने घर तक ले आईं।
उधर इस चीख पुकार को सुनकर गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मामला धानेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। इस गांव की रहने वाली दो सगी बहने शुक्रवार की देर शाम को शौच के लिए गांव से बाहर गई थी। वहीं रास्ते में दोनो बहनों को देखकर चार बाइकों पर सवार होकर आए आठ युवकों ने छोटी बहन को अगवा करने की नीयत से बाइक पर बैठाने का प्रयास किया।
छोटी बहन की आबरू खतरे में देख बड़ी बहन हिम्मत दिखाते हुए बाइक पर बैठाने का प्रयास कर रहे युवक से भिड़ गई। उसने एक बाइक सवार का हाथ पकड़कर उसे नीचे घसीट लिया। बेटियों के इस अप्रत्याशित हमले से घब्राया युवक बाइक से नीचे गिर गया तो दोनो बहने उसके ऊपर रणचंडी बनकर सवार हो गई और शोर मचाते हुए उसे पीटने लगी।
इसी बीच गांव के लोग भी बेटियों की चीख सुनकर वहां पहुंचने लगे। ग्रामीणों को आता देख उसके अन्य साथी भाग निकले। इसके बाद दोनो बहने उसे घसीटते हुए अपने घर तक ले गई। गांव के लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को थाने ले आई।
इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर शमीम व राजू निवासी खरिहा थाना इटियाथोक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष मनीष पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी शमीम को गिरफ्तार कर लिया गया है।