गुंडा एक्ट व गैंगस्टर में जेल जाएंगे भूमाफिया : डीएम
डीएम ने दो दिन में तलब की भूमाफिया की सूची
कहा, लापरवाही किया तो निलंबन तय
फोटो-4
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। भूमाफियाओं के कब्जे वाली जमीन को ऐसे माफियाओं से छुड़ाने के लिए योगी सरकार की बनाई गई टास्कफोर्स की रिपोर्ट के बाद जिले मे ऐसे माफियाओं के चिन्हांकन का काम तेज हो गया है। डीएम जेबी सिंह ने जिले की चारों तहसीलों के एसडीएम से दो दिन के भीतर भूमाफियाओं की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भूमाफिया के खिलाफ गुण्डा एक्ट व गैंगस्टर में कार्रवाई होगी।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एसपी उमेश कुमार सिंह व अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर डीएम ने दो दिन के भीतर भूमाफियाओं की सही सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीनों अथवा किसी भी जमीन पर अवैध रूप से कब्जे करने वालों को सूची उन्हें दो दिन में मुहैया करा दी जाए। विभागीय अधिकारियों को उन्होने सख्त निर्देश दिए हैं कि उनके विभागों की जमीनों पर यदि किसी भी दबंग व्यक्ति का अवैध कब्जा किया गया हो तो वे अपनी तहसील के उपजिलाधिकारी को मंगलवार शाम तक रिपोर्ट दें देे। जिससे उसे एन्टी भूमाफिया टास्क फोर्स की ओर से की जाने वाली कार्यवाही में शामिल कर ऐसी सरकारी जमीनों को खाली कराया जा सके।
डीएम ने भूमाफियाओं से अवैध कब्जे खाली के साथ ही उनके खिलाफ गुण्डा एक्ट एवं गैंगस्टर के तहत कार्रवाई करने को कहा है। सरकारी जमीनों पर कब्जे कर कोर्ट से स्टे आदि लेकर मामले लटकाने वाले प्रकरणों में तत्काल स्टे खारिज कराने तथा ऐसी जमीनों को कब्जामुक्त कराने के आदेश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होने सभी अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है कि सरकार की मंशानुसार विना दबाव एवं पक्षपात के भूमाफियाओं के खिलाफ कार्यवाही करनी है। यदि किसी भी अधिकारी की किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाई गई तो निश्चित ही निलंबन एवं विभागीय कार्यवाही के लिए तैयार रहें।
डीएम ने सभी एसडीएम को सबसे पहले चारागाह, खलिहान, सरकारी जमीनों जैसे पीडब्लूडी, वन विभाग, सिंचाई विभाग, नजूल व अन्य बड़े कब्जे करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा कि दो दिन के भीतर भूमाफियाओं की सटीक सूची हर हाल में उन्हें उपलब्ध करा दें।