बिजली का खंभा लगाने में घपला, ठेकेदारों के खिलाफ केस
गोंडा। विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा से बिना सूचना नदारद रहने पर उपनिदेशक मंडी गोंडा से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
श्रावस्ती, बलरामपुर व बहराइच में विद्युतीकरण में ठेकेदारों द्वारा विद्युत पोल पांच फुट के बजाय सिर्फ एक फुट गहराई पर लगाने की शिकायत का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने ऐसे ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश चीफ इंजीनियर विद्युत को दिए हैं।
यह कार्यवाही देवीपाटन मंडल के आयुक्त सुधेश कुमार ओझा ने गुरुवार को विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा के दौरान की है। मंडलीय समीक्षा में ज्ञात हुआ कि अब शासन द्वारा विकास कार्यों की समीक्षा में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना तथा एक जिला एक उत्पाद की भी समीक्षा की जाएगी।
समीक्षा में गड्ढा मुक्ति व ओडीएफ की स्थिति पूरे मण्डल में खराब पाई गई। आयुक्त ने मुख्य अभियंता पीडब्लूडी को चेतावनी दी है कि 20 अक्टूबर तक मण्डल की सभी गड्ढामुक्ति वाली सड़के ठीक करा दी जाएं।
इसके बाद आयुक्त द्वारा टीम का गठन कर मण्डल की सभी गड्ढामुक्त सड़कों की जांच कराई जाएगी। इसके अलावा आयुक्त ने इटियाथोक में पुल, नवाबगंज गोंडा बाजार का पुल तथा गोंडा नगर के मण्डेनाला पुल पर रेलिंग लगवाने तथा तीनों पुलों के चौड़ीकरण कराने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश चीफ इंजीनियर लोक निर्माण विभाग व सेतु निर्माण निगम को दिए हैं।
इसी प्रकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत फर्जी आंकड़े देने पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की है। निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम गोंडा द्वारा 300 बेड के निर्माणाधीन अस्पताल तथा डीएम श्रावस्ती द्वारा ट्रांजिट हास्टल जो कि राजकीय निर्माण निगम द्वारा बनाया जा रहा है, में बेहद धीमी गति से कार्य कराए जाने की शिकायत की गई।
बैठक में डीएम गोंडा कैप्टन प्रभांशु श्रीवास्तव, डीएम बहराइच माला श्रीवास्तव, डीएम श्रावस्ती दीपक मीणा, डीएम बलरामपुर कृृष्णा करूणेश, सीडीओ बहराइच राहुल पाण्डेय, बलरामपुर कृतिका ज्योत्सना, श्रावस्ती अवनीश कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त देवीपाटन मण्डल वीके पाठक, अपर निदेशक स्वास्थ देवीपाटन मंडल डॉ. रतन कुमार, चीफ इंजीनियर विद्युत आरके श्रीवास्तव, चीफ इंजीनियर पीडब्ूलीडी, उपगन्ना आयुक्त अमर सिंह उपनिदेशक समाज कल्याण, उपश्रमायुक्त देवीपाटन मंडल शमीम अख्तर सहित अन्य मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।