करनैलगंज/गोंडा। संजय सेतु की मरम्मत का काम शुरू होने से मंगलवार को यातायात पर सबसे ज्यादा असर पड़ा। गोंडा से लखनऊ के लिए निकली 16 रोडवेज बसों को करनैलगंज से लौटना पड़ा। इसके बाद रोडवेज बसों को अयोध्या के रास्ते से लखनऊ भेजा गया। गोंडा से लखनऊ का किराया 162 रुपये है, लेकिन अयोध्या रूट से लखनऊ जाने से यात्रियों को बस का किराया 294 रुपये देना पड़ा।
करनैलगंज से लौटे गोंडा बस स्टेशन लौटे रामप्रकाश सिंह ने कहा कि इससे अच्छा तो वह ट्रेन से चले जाते। लखनऊ जाना जरूरी था। अब देर हो गई, जाने का कोई फायदा ही नहीं है। प्रतिभा व नीलम ने कहा कि जब बसें जानी ही नहीं थीं, तो फिर पहले से ही बता देते। आधे रास्ते से लौटना पड़ा। बाद में गोंडा डिपो से अयोध्या के रास्ते से 18 बसों को लखनऊ भेजा गया।
दरअसल मंगलवार सुबह संजय सेतु की मरम्मत का कार्य शुरू होने के कारण तीन दिन के लिए इधर से आवागमन बंद किया गया है। पुलिस ने करनैलगंज में हुजूरपुर-बहराइच मोड़ के पास बैरिकेडिंग लगाकर छोटे-बड़े सभी वाहनों को पुल की ओर जाने से रोक दिया। इससे करनैलगंज में दिनभर जाम लगा रहा।
करनैलगंज से लखनऊ जाने वाले वाहनों को बहराइच मार्ग से भेजा गया। हजूरपुर मोड़ पर वाहनों को डायवर्ट करने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों से ही यात्रा करें।
चारों जिलों के राहगीरों की बढ़ी समस्या
संजय सेतु पर आवागमन बंद होने से बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, गोंडा, बढ़नी आदि क्षेत्रों से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। यह पुल राजधानी लखनऊ जाने का मुख्य मार्ग है और इसके बंद होने से आम जनमानस, खासकर व्यापारियों और यात्रियों को दिक्कतें हो रही हैं।
बसें लौटने के बाद रोडवेज अफसरों को हुई जानकारी
संजय सेतु पर मरम्मत के कारण आवागमन बंद होने की जानकारी रोडवेज के अफसरों को नहीं दी गई थी। सुबह से गोंडा डिपो से लखनऊ के लिए रूटीन के तौर पर बसाें को भेजा गया। बसें करनैलगंज से लौटीं तो लोगों को संजय सेतु पर आवागमन बंद होने की जानकारी हुई। इसके बाद रोडवेज प्रशासन ने तत्काल अयोध्या रूट से बसों को भेजने की कवायद शुरू की।