गोंडा। छत्तीसगढ़ राज्य के जनपद रायपुर के रहने वाले डेढ़ हजार से अधिक मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए रेलवे प्रशासन ने गोंडा से रायपुर के लिए स्पेशल ट्रेन सोमवार को चलाई है। इस ट्रेन की बुकिंग ईंट-भट्ठा एसोसिएशन की ओर से कराई गई। इससे रेलवे विभाग को पौने आठ लाख रुपये का राजस्व का लाभ हुआ है।
ईंट-भट्ठा एसोसिएशन के महामंत्री फहीम अहमद उर्फ पप्पू ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य के जनपद रायपुर के रहने वाले 1561 मजदूर जिले के विभिन्न ईंट भट्ठों पर कार्य कर रहे थे। लॉकडाउन के बाद इन लोगों को उनके घर भेजने के लिए पूरी ट्रेन बुक कराई गई थी। इन 1561 मजदूरों को रायपुर पहुंचाने के लिए रेलवे विभाग ने स्पेशल ट्रेन चलवाई है।
रेलवे प्रशासन ने सोमवार को दोपहर 3 बजे गोंडा रेलवे स्टेशन से 05013 नंबर की स्पेशल ट्रेन से 1561 मजदूरों को रायपुर भेजा। भेजे गए एक मजदूर से 490 रुपये किराया के हिसाब से रेलवे को 1561 यात्रियों से सात लाख 64 हजार 890 रुपये का रेलवे राजस्व का लाभ हुआ। मंडल वाणिज्य निरीक्षक विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह स्पेशल ट्रेन गोंडा से रायपुर के लिए भेजी गयी है। डीसीआई ने बताया कि छत्तीसगढ़ के रहने वाले 1561 मजदूर गोंडा जनपद में मजदूरी करते रहे। जिन्हें सोमवार को उनको घर के लिए भेजा गया।