गोंडा में रोपित किए जाएंगे 17 लाख पौधे
गोंडा। शासन ने जनपद में वृक्षारोपण का लक्ष्य बढ़ा दिया है। अब गोंडा में सत्रह लाख तेईस हजार छह सौ बाइस पौधें रोपित किए जाएंगे। सोमवार को डीएम कैप्टन प्रभांशु श्रीवास्तव ने अधिकारियों के साथ बैठक कर नए लक्ष्य के अनुसार पोधरोपण कराए जाने की रणनीति तैयार की।
बताते चलें कि इस वर्ष शासन ने गोंडा जनपद में तेरह लाख पचहत्तर हजार आठ सौ बयासी पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया था। मगर शासन ने 04 अगस्त को जनपद का लक्ष्य बढ़ाकर सत्रह लाख तेईस हजार छह सौ बाइस कर दिया।
जिसमें वन विभाग को 26200, ग्राम्य विकास विभाग को 263500, नगर विकास विभाग को 10540, कृषि विभाग को 21080, माध्यमिक शिक्षा विभाग को 3970, बेसिक शिक्षा विभाग को 3970, प्राविधिक शिक्षा विभाग को 3970, तथा उच्च शिक्षा विभाग को 3970 व उद्यान विभाग 10540 सहित तीन सैंतालीस हजार सात सौ चालीस हजार पौधे पूर्व निर्धारित लक्ष्य से अतिरिक्त पौधे रोपित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग पौधरोपण अभियान में व्यक्तिगत रूचि लेकर लक्ष्य के अनुसार पौधरोपण कराएं तथा बढ़े हुए लक्ष्य के अनुसार चिन्हांकित स्थलों पर गड्ढे आदि खोदवा लें।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में समाज के सम्भ्रान्त और सक्षम लोगों का भी सहयोग लें। जिससे लक्ष्य को आसानी से पूरा कराया जा सके।
बैठक में डीएफओ आरके त्रिपाठी, सीएमओ डा. संतोष श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा हरिश्चन्द्र प्रजापति, डीसी एलआरएलएम दिनेश यादव, बीएसए रमाकान्त वर्मा, तहसीलदार सदर एसएन त्रिपाठी, तहसीलदार करनैलगंज मिश्री चौहान, सभी खंड विकास अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारीगण उपस्थित रहे।