कमिश्नर व डीआईजी ने सुनी फरियादियों की समस्या
थाना समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा/ कटरा बाजार। देवी पाटन मंडल के कमिश्नर व डीआईजी ने शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में कटरा बाजार थाने का औचक निरीक्षण किया। मंडल के आला अफसरों ने करीब एक घंटे तक थाने में फरियादियों की समस्याओं को सुना और मौके पर मौजूद राजस्व कर्मियों व पुलिस टीम को मामले के निस्तारण के निर्देश दिए। कमिश्नर ने सरकारी जमीनों से अवैध कब्जों को हटाये जाने व हलका लेखपाल को अपने अपने क्षेत्र में मौजूद रहने के निर्देश दिए।
शनिवार को देवी पाटन मंडल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव व पुलिस उपमहानिरीक्षक अनिल कुमार राय ने कटरा बाजार थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजित थाना समाधान दिवस में दोनो अफसरों ने करीब एक घंटे तक बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनी। पिपरी माझा गांव के रहने वाले हनोमान ने कमिश्नर को बताया कि गांव के ही कुछ लोगो ने उसकी जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करा लिया है। वीरपुर कटरा के रहने वाले मोबीन ने अपने पड़ोसी पर मेड़ काटने का आरोप लगाया। थाना समाधान दिवस में कुल 16 शिकायतें आई जिसमें से आयुक्त ने एक जमीन के विवाद का मौके पर ही निस्तारण भी किया। इसके अलावा अन्य 15 शिकायतों के निस्तारण के लिए पुलिस व राजस्व टीम को निर्देशित किया। आयुक्त ने मौके पर मौजूद तहसीलदार रमेश बाबू को शासन की नीतियों से राजस्व कर्मियों को अवगत कराने व जमीनी मामलों में टीम बनाकर उसके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अलावा जिले के अन्य थानों पर भी फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी।