करनैलगंज की तरह ही नवाबगंज में 132 केवी क्षमता का नया बिजलीघर बनेगा। जिसके लिए जमीन की तलाश का काम पावर कॉर्पोरेशन ने पूरा कर लिया है। लौव्वावीरपुर गांव में मिली जमीन का प्रस्ताव जिलाधिकारी को स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
जैसे ही इस जमीन की स्वीकृति जिलाधिकारी से मिलती है, वैसे ही बिजलीघर के निर्माण का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। तकरीबन 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बिजलीघर को लौव्वावीरपुर गांव से 8 किलोमीटर दूरी से होकर जाने वाली दर्शननगर 132 केवी लाइन से जोड़ा जाएगा।
तरबगंज इलाके में बिजली की दिक्कतों को दूर किए जाने के लिए आज से छह महीने पहले स्थानीय बिजली अधिकारियों ने नवाबगंज इलाके में 132 केवी क्षमता का नया बिजलीघर बनाए जाने का प्रस्ताव पावर कॉर्पोरेशन के उच्चाधिकारियों को भेजा था।
लेकिन किन्हीं कारणों से जमीन की उपलब्धता न हो पाने के चलते इसके प्रस्ताव को कॉर्पोरेशन से स्वीकृति नहीं मिल पाई थी। हाल में गोंडा-फैजाबाद मेन रोड पर ढाई किलोमीटर दूर स्थित लौव्वावीरपुर गांव में पावर कॉर्पोरेशन को बिजलीघर निर्माण के लिए पर्याप्त मात्रा में जमीन मिल गई है।
जिसके लिए भूमि का प्रस्ताव तैयार करके जिलाधिकारी को भेजा गया है। जैसे ही वहां से इसकी स्वीकृति मिल जाती है, बिजलीघर के निर्माण का काम चालू करा दिया जाएगा।
जितनी जमीन 132 केवी बिजलीघर निर्माण के लिए चाहिए थी। वह उन्हें लौव्वावीरपुर गांव में मिल गई है। यहां जो बिजलीघर बनेगा, उसे दर्शननगर फैजाबाद जाने वाली 132 केवी लाइन से जोड़ा जाएगा। लौव्वावीरपुर गांव से दर्शननगर जाने वाली लाइन 8 किलोमीटर दूर है।
जहां से उसे बिजलीघर की मेन लाइन से टेप किया जाएगा। लौव्वावीरपुर गांव में बनने वाले 132 केवी बिजलीघर की निर्माण लागत 25 करोड़ रुपये होगी। जिसका काम सितंबर 2016 तक पूरा कर लिया जाएगा।