गोंडा। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के पहले दिन बृहस्पतिवार को जिले के 18 केंद्रों पर 12837 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा में 16,030 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। 3,193 ने परीक्षा छोड़ दी।
पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा हुई। इसमें 8,015 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। 6,382 ने परीक्षा दी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे शुरू हुई। 8,015 अभ्यर्थियों में से 6,455 ने परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने एलबीएस इंटर कॉलेज समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी विनीत जायसवाल ने भी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र, बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी विभिन्न केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा की निगरानी की।