क्लीन गोंडा-ग्रीन गोंडा को 7.63 करोड़ की सौगात
गोंडा। नगर निकाय चुनाव को लेकर सरकार ने अपनी झोली खोल दी है। जिले की नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों में 7.63 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे। मंगलवार को जिले के प्रभारी मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
इसके अलावा देश में सबसे गंदे शहर का तमगा खत्म करने के लिए भी लगभग पचपन लाख रुपए के सफ ाई उपकरणों को नगर पालिका गोंडा के हवाले किया।
टाउन हाल में नगरपालिका द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे जनपद के प्रभारी मंत्री ने गोंडा को देश के सबसे गन्दे शहर के बदनुमा दाग से बाहर निकालने का संकल्प लिया।
उन्होने कहा कि जिले को इस दाग से छुटकारा दिलाने के लिए सरकार और जिला प्रशासन युद्धस्तर पर जुट गया है और आने वाले दिनों में गोंडा स्वच्छ और सुन्दर शहरों की पंक्ति में खड़ा होगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन अब जन आन्दोलन बन रहा है।
आने वाले दिनों में जिले की तस्वीर निश्चित ही बदली हुई नजर आएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री की सोच क्लीन इंडिया हेल्दी इंडिया की तर्ज पर गोंडा क्लीन, ग्रीन गोंडा और हेल्दी गोंडा का नारा देते हुए स्वच्छ भारत मिशन में जनता से सहयोग करने का आह्वान किया।
प्रभारी मंत्री ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में डीबीटी स्कीम लागू होने की जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में इस स्कीम से राशन में होने वाले भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लग जाएगा तथा लाभार्थी के खाते में सीधे सब्सिडी पहुंचेगी।
विधायक तरबगंज प्रेम नरायन पाण्डेय ने कहा कि गोंडा को साफ. सुथरा बनाना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। डीएम जेबी सिंह ने कहा कि गोंडा को स्वच्छ बनाने के स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण व स्वच्छ भारत मिशन नगरीय दोनों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है और अब तक जिले 101 गांव खुले में शौच से मुक्त घोषित हो चुके हैं।
डीएम ने बताया कि सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह द्वारा नगर को साफ रखने के लिए विधायक निधि से पांच सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
गोंडा नगर पालिका को मिले 2.11 करोड़
गोंडा। शहर में विकास कार्ये को रफ्तार देने के लिए प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी ने नगर पालिका गोंडा को 2.11 करोड़ रुपये की सौगात दी है। इस धनराशि से शहर में दस सीटर वाले पांच सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जायेगा।
इसके अलावा एक इन्टरलाकिंग, एक नाला निर्माण व शहर की सड़कों को रोशन करने को 250 एलईडी लाइटें भी लगाई जायेंगी। प्रभारी मंत्री ने इन सभी कार्यो का मंगलवार को शिलान्यास किया।
नवाबगंज में 4.11 करोड़ से होंगे विकास कार्य
प्रभारी मंत्री नगर पालिका नवाबगंज पर खासा मेहरबान रहे। यहां विकास कार्यो में तेजी लाने को मंत्री ने सर्वाधिक 4.11 करोड़ की लागत से विकास कार्य कराए जाने का ऐलान किया। प्रभारी मंत्री ने नगर पालिका नवाबगंज में छह इन्टरलाकिंग व पेन्टिंग कार्यो का शिलान्यास किया।
करनैलगंज में 28.73 लाख रुपये की योजना का शिलान्यास
गोंडा। नगर पालिका करनैलगंज में 28.73 लाख रुपये की लागत से एक सार्वजनिक शौचालय व दो रबर मोल्ड इन्टरलाकिंग के साथ एक स्टोर रूम का निर्माण कराया जाएगा। प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी ने मंगलवार को इन तीनों कार्यो का शिलान्यास किया।
चार नगर पंचायतों को मिले 1.13 करोड़
गोंडा। जिले के प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी नगर पालिका के अलावा नगर पंचायतों पर भी खासा मेहरबान दिखे। उन्होने जिले की चार नगर पंचायतों खरगूपुर,मनकापुर,परसपुर व कटरा बाजार में 1.13 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
इस धनराशि से खरगूपुर में चार सीटर वाला एक सार्वजनिक शौचालयव एक रबर मोल्ड इन्टरलाकिंग तथा नगर पालिका मनकापुर में छह सीटर वाले दो सार्वजनिक शौचालय व चार इन्टरलांकिग तथा नाली का निर्माण कराया जाएगा।
55 लाख रुपये से खरीदे जाएंगे सफाई उपकरण
गोंडा। प्रभारी मंत्री ने शहर की गंदगी को दूर करने के लिए गोंडा नगर पालिका में बड़ी मात्रा में सफाई उपकरण की खरीद की गई है। इन सफाई उपकरणों की लागत 55 लाख रुपये है। इसमें साफ सफाई के लिए खरीदे गए दो वाहन भी शामिल है। मंगलवार को प्रभारी मंत्री ने इन वाहनो को झण्डी दिखाकर रवाना किया।