पूर्व माध्यमिक विद्यालय परसपुर प्रथम में एसआईआर में जुटे बीएलओ व कर्मी। - संवाद
गोंडा। एक जनवरी 2026 को 18 साल पूरा करने वाले 12 हजार से अधिक युवाओं ने लोकसभा व विधानसभा की मतदाता सूची में जुड़ने के लिए एसआईआर फॉर्म भरा है। ये सभी मतदाता बीएलओ स्तर से सत्यापित किए जा चुके हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्तर से अनुमति के बाद मतदाता सूची में शामिल हो जाएंगे।
चुनाव कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि एक जनवरी 2026 के आधार पर एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है। आगामी 26 दिसंबर तक एसआईआर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। लेकिन 21 दिसंबर तक 12,042 मतदाताओं ने मतदाता सूची में जुड़ने के लिए फॉर्म छह भरा है। ये सभी मतदाता एसआईआर की प्रक्रिया में भाग लेने के बाद पहली बार मतदाता सूची में शामिल हो जाएंगे। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि रविवार की छुट्टी के बावजूद भी एसआईआर के तहत तार्किक विसंगति के साथ ही मैपिंग की गई है। वहीं, 9.37 प्रतिशत मतदाता मैपिंग से वंचित रह गए हैं।
तरबगंज व कटरा बाजार में सबसे अधिक आवेदक
वोटरलिस्ट में नाम जोड़ने के लिए सबसे अधिक तरबगंज 3,491 और कटरा बाजार के 3,293 वोटरों ने वोटरलिस्ट में जुड़ने के लिए आवेदन किए हैं। इसके साथ ही मेहनौन से 1,328, मनकापुुर में 1,306, करनैलगंज 1,248, गोंडा 1,066 और गौरा में 310 युवाओं ने एसआईआर के लिए आवेदन किए हैं।
मैपिंग के लिए मतदाताओं से मांगी जा रही जानकारी
टिकरी। किशुनदासुपर के बीएलओ सर्वेश्वर दत्त मिश्र ने बताया कि मैपिंग का काम किया जा रहा है। महिला मतदाताओं का एसआईआर फॉर्म भरने के लिए मां-पिता, दादा-दादी व नाना-नानी में से किसी एक के 2003 की मतदाता सूची से विधानसभा का नाम, भाग संख्या और परिवार के किसी एक सदस्य का क्रम संख्या की जरूरत होती है। मगर खेती-किसानी के चलते मतदाता उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं।