प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा हुआ है। छपिया ब्लॉक के दो ग्राम पंचायतों में विभागीय अधिकारियों की जांच में 11 लोगों को फर्जी तरीके से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिये जाने की पुष्टि हुई है। विभाग अब फर्जी लाभार्थियों से पीएम आवास योजना के तहत मिले धन की रिकवरी करेगा।
जिले के ग्राम पंचायत गिर्द गोंडा के अलावा हलधरमऊ व करनैलगंज ब्लॉक में प्रधानमंत्री आवास के फर्जीवाड़ा किये जाने की शिकायत की जांच हुई थी। दो दर्जन से अधिक लोगों को फर्जी तरीके से ग्राम प्रधान व सचिवों की मिली भगत से धन दे दिये जाने की बात सामने आने के बाद सभी ग्राम पंचायतों में घपले की आशंका जतायी गई थी।
मुख्य विकास अधिकारी दिव्या मित्तल ने इस मामले में शिकायत मिलने वाले सभी ग्राम पंचायतों व विकास खंडों में जांच करने की जिम्मेदारी पीडी वीरपाल को सौंपी थी। बुधवार को पीडी वीरपाल ने छपिया ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार के साथ कई ग्राम पंचायतों में छापेमारी की।
इससे क्षेत्र के सैजलपुर में आठ, वीरापुर में तीन व कोटखास में एक आवास फर्जी व्यक्ति को दिये जाने का मामला पकड़ा गया है। छपिया ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार ने बताया कि सभी फर्जी लाभार्थियों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले धन की रिकवरी की जाएगी।