भड़के शिक्षा मित्रों ने बीएसए दफ्तर में जड़ा ताला
दिनभर किया हंगामा, सड़क पर प्रदर्शन लगाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। समायोजन बहाल कराने की मांग को लेकर आंदोलनरत शिक्षामित्र शुक्रवार को भी सड़क पर उतरे। सरकार विरोधी नारे लगाते हुए शिक्षामित्रों का हुजूम बीएसए दफ्तर पहुंचा जहां कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ताला लगने से कार्यालय में बैठे कर्मचारी सहित अन्य लोग बंद हो गए जो ऊपर छत पर जाकर बाहर निकलने की मिन्नत करते लेकिन नाराज शिक्षा मित्र आक्रोश जताते रहे। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीओ सिटी व बीएसए ने शिक्षा मित्रों को आश्वासन दिया तब शिक्षा मित्र शांत हुए।
समायोजन निरस्त होने के बाद आंदोलनरत शिक्षा मित्र दूसरे दिन शुक्रवार को स्कूलों में तालाबंद कराया और जिला पंचायत सभागार के सामने टिन शेड में इकट्ठा हुए। टिन शेड में इकटठा हुए शिक्षा मित्रों को उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक के आनंद त्रिपाठी, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के अनूप सिंह, प्रेरक संगठन के मो.अनीस व संजीव शर्मा सहित अन्य जनसंगठनों ने समर्थन देते हुए उनके हक की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाने का आश्वासन दिया। सभा को शिक्षा मित्र नेता शिवकुुमार शुक्ल, शिवमूर्ति पांडेय, अवधेश मणि मिश्र,रामलाल साहू,प्रमोद शुक्ल ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के ठीक पैरवी न करने से एक लाख 72 हजार शिक्षा मित्र पैदल हो गए, यह अन्याय कोई एक दो के साथ नही है जिसे बर्दाश्त कर लिया जाए। इसके बाद शिक्षा मित्र नेता सहित अन्य शिक्षा मित्र नेताओं की अगुवाई में शिक्षा मित्रों ने जुलूस निकाला। अंबेडकर चौराहे से होते हुए शिक्षा मित्र बीएसए कार्यालए पहुंचे जहां पहुंचकर कार्यालय में ताला जड़ दिया। अंदर कार्य कर रहे कर्मचारी व बैठे लोग कैद हो गए जो छत के ऊपर आकर बाहर निकलने की गुुहार करने लगे लेकिन नाराज शिक्षा मित्रों ने एक न सुनी। कार्यालय के सामने अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीओ सिटी भरतलाल यादव, बीएसए संतोषकुमार देव पांडेय ने आश्वासन दिया कि शिक्षा मित्रों की पीड़ा प्रशासन समझ रहा है, उनकी समस्या गंभीर है जिसका निस्तारण कराने के लिए विचार किया जा रहा है, उम्मीद है कि शीघ्र ही कोई हल निकल आएगा। अंत में शिक्षा मित्रों ने अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा जिसमें सरकार द्वारा पुर्नविचार याचिका दाखिल कराने,समायोजन के लिए नया अध्यादेश बनाए जाने, विकल्प के तौर पर शिक्षा मित्रों को शिक्षा सहायक पद पर समायोजित करने की मांग रखी गई है। ज्ञापन देने वालों में राजेंद्र वर्मा, अभिमन्यु प्रसाद मिश्र, सत्यव्रत सिंह, जितेंद्र प्रकाश ओझा सहित सैकड़ों शिक्षा मित्र शामिल रहे। इस दौरान नगर कोतवाल दिनेश राय,उपनिरीक्षक विनोद कुमार सरोज, महिला उपनिरीक्षक नीलम उपाध्याय दल बल के साथ मौजूद रहे।
इनसेट
स्कूलों व बीआरसी में तालाबंदी कर किया रोड जाम
करनैलगंज(गोंडा)। शुक्रवार को करनैलगंज व हलाधरमऊ ब्लाक के शिक्षामित्रों ने एकजुट होकर प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों को बंद कराया तथा परिषदीय शिक्षकों से समर्थन मांगा। जिस पर शिक्षकों ने विद्यालयों को बंद किया। बीआरसी पहुंचकर शिक्षा मित्रों ने वहां हो रहे कामकाज को ठप कराते हुए तालाबंदी कराई। दोनों ब्लाकों के सैकड़ों शिक्षामित्रों ने तहसील करनैलगंज के सामने पहुंचकर गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर मोटर साइकिलों को खड़ी करके जाम लगाया तथा सड़क पर लेटकर प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे बीतने के बाद जब लम्बा जाम लग गया तो मौके पर पहुंचे पुयलिस अधिकारियों ने उन्हें समझा बुझा कर जाम हटवाया तथा यातायात बहाल कराया। इस प्रदर्शन में यादवेंद्र द्विवेदी, श्रजवण मौर्या, दिलदार खां, उमापति गोस्वामी, कृष्णानन्द जायसवाल, सुरेश वर्मा, परसुराम यादव, सत्यप्रकाश सिंह, मोहित यादव, अशोक सिंह, आनन्द शर्मा, जयप्रकाश, पिन्टू सिंह, रामानन्द, सहित भारी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे। मौके पर चौकी प्रभारी बृजानन्द सिंह, एसआई अखिलेश यादव, एसआई देवेन्द्र कुमार सहित तमाम सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे।