माध्यमिक शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त 14 कॉलेज जीपीएस के जरिये विद्यालय की लोकेशन मैप न कराने के मामले में फंस गए हैं। इन कॉलेजों पर मान्यता प्रत्याहरण की तलवार लटक गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक से मैपिंग न कराने वाले कॉलेजों की मान्यता रद किए जाने की संस्तुति की है।
वर्ष 2018 की यूपी बोर्ड की परीक्षा की तैयारियों को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इस बार पहले से ही कसरत शुरू कर दी है। बोर्ड के अफसर वर्ष 2018 की बोर्ड परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा केंद्र के निर्धारण का खाका तैयार कर रहे हैं। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने 10 जून को विभाग के सभी कॉलेजों को जीपीएस के जरिए अपनी लोकेशन मैप कराने का निर्देश जारी किया था। लोकेशन मैप के जरिए विद्यालयों के आधारभूत सुविधा से संबंधित सूचना, एक विद्यालय से दूसरे विद्यालय की परस्पर दूरी का निर्धारण, विद्यालय की अवस्थापना सुविधाओं व सड़क मार्ग से विद्यालय की दूरी समेत अन्य कई सूचनाएं ऑनलाइन कराई जानी थी। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग के अफसर लगातार विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्योें को मैपिंग कराये जाने के लिए निर्देशित करते रहे बावजूद इसके जिले के 14 इंटर कॉलेजों ने जीपीएस प्रणाली के जरिए अपनी लोकेशन मैप नहीं कराई। इस स्थिति पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने खेद जताया था। इससे नाराज प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक एमपी सिंह ने बुधवार को लोकेशन मैप न कराने वाले 14 इंटर कालेजों की मान्यता रद़्द करने की संस्तुति माध्यमिक शिक्षा निदेशक को भेजी है।
इन इंटर कॉलेजों पर लटकी तलवार
1-सेंट फ्रांसिस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय-शंातीनगर कटरा
2-श्री परशुराम बालिका इंटर कालेज-मनकापुर
3-पीपीडीसीबीएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय-तेलहा
4-कृषक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय-इटियाथोक
5-सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय-बडग़ांव
6-गोपाल शंकर भवानी प्रसाद इंटर कालेज-सुधाकर नगर
7-राजा भगौती प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय-परसपुर
8-विश्वनाथ धनपत सिंह मेमोरियल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय-भुलैया
9-श्री रामतीर्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय-गढ़वलिया,मलारी
10-गुरुप्रसाद नीलम देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय-चारु
11-श्री मां दुर्गा जी पी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय-रमवापुर
12-श्री सालिकराम प्रेमचंद्र इंटर कालेज-मद्दोबाजार,गोंडा
13-राम बरन शुक्ला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय-विशुनपुर कला
14-विजय लक्ष्मी बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय-मैजापुर
डीआईओएस का तबादला
गोंडा। जनपद के जिला विद्यालय निरीक्षक रहे राम खेलावन वर्मा का मंगलवार की रात तबादला हो गया। बुधवार को उन्हें उन्नाव जिले के लिए कार्यमुक्त कर दिया। उनके स्थान पर देवीपाटन मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक एमपी सिंह को जिला विद्यालय निरीक्षक का प्रभार सौंपा गया है।