जिले में 1.20 लाख नये वोटर बनने जा रहे हैं। ये युवा वोटर अपनी पसन्द की सरकार बनाने के लिए पहली बार मतदान करेंगे। जिले में चलाए गए मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम बड़ी तादात में युवाओं ने आवेदन किया है। भारत निर्वाचन आयोग से एमआईएस फीडिंग के बाद इनकी सूची जारी कर दी जाएगी। जिला निर्वाचन कार्यालय में 85 हजार नये मतदाताओं की सूचना आयोग से आ चुकी है। बाकी वोटरों के नाम की सूची प्रोसेस में हैं।
युवा मतदाता पहली बार मतदान करने को लेकर उत्सुक हैं। युवा मतदाता मुदस्सिर खां का कहना है कि वह इस बार ऐसी सरकार को वोट करना पसन्द करेंगे जो युवाओं के भविष्य की भलाई को लेकर प्लान तैयार करे। ग्राम भदुआ तरहर के युवा मतदाता अनिल मिश्रा व कलीम खान का कहना है कि उन्हें पहली बार मतदान करने का मौका मिलेगा। वह ऐसी सरकार का चयन करने पर जोर देंगे जो ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को रोजगार से जोड़े।
जिले में वोटरों की विधानसभावार स्थिति
विस क्षेत्र पुरुष वोटर महिला वोटर अन्य कुल वोटर
मेहनौन 189499 156296 10 345805
गोंडा सदर 179616 152124 20 331460
कटरा बाजार 188431 158341 10 346782
करनैलगंज 166638 137623 10 304271
तरबगंज 187309 157739 07 345055
मनकापुर 169524 143093 10 312627
गौरा 168063 141030 03 309096
कुल- 1248780 1046246 70 2295096
नोट- इन मतदाताओं में बढ़ेंगे 1.20 लाख नये युवा मतदाता।
युवा मतदाताओं के सशक्तिकरण पर जोर
भारत निर्वाचन आयोग चुनाव में मतदान प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दे रहा है। 25 जनवरी को देश के हर जिले में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाये जाने का फरमान जारी किया है।
आयोग ने युवा मतदाताओं को बढ़ाने व उन्हें वोटर बनाने को जागरूक करने के लिए युवा और भावी मतदाताओं का सशक्तिरण के नाम पर 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने का निर्णय लिया है। इस पर जिला निर्वाचन कार्यालय ने कार्यक्रम को लेकर तैयारी भी शुरू कर दी है।
नये वोटरों के आवेदन की सूची भारत निर्वाचन आयोग को भेजी गई थी, जिसकी एमआईएस फीडिंग की रिपोर्ट नहीं आयी है। अभी तक जिसकी रिपोर्ट है, उसमें जिले में ओवरआल 85 हजार नये मतदाता जुड़ चुके हैं। आयोग की ओर से आने वाली सूची से इनकी संख्या और बढ़ेगी।
-माधव राज, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी गोंडा