‘सर मेरा ब्वायफ्रेंड रूठकर बिना बताए कहीं चला गया है, दो दिन से गायब है, कॉल भी पिक नहीं कर रहा है, उसे मनाने में मेरी मदद कीजिए, प्लीज।’ ये अल्फाज मंगलवार दोपहर थाने पहुंची एक ग्रेजुएट युवती के थे। शिकायत पर एसएचओ ने पीड़िता के ब्वायफ्रेंड से बात की और बातचीत कर आपसी विवाद सुलझाने का भरोसा दिया। मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का है।
विजयनगर थानाक्षेत्र के प्रताप विहार निवासी एक ग्रेजुएट युवती ने बताया कि 2010 में वह एक इंश्योरेंस कंपनी में जॉब करती थी। वहीं, उसकी मुलाकात नीतिखंड-1, इंदिरापुरम निवासी एक युवक से हुई। दोनों साथ-साथ जॉब करते थे, सो एक-दूसरे से काफी जान पहचान हो गई। इसी दौरान दोनों एक दूसरे को दिल दे बैठे।
पीड़िता का कहना है कि पिछले एक माह से उसका ब्वायफ्रेंड अचानक अजीब सा व्यवहार करने लगा। पिछले दो दिन से कॉल पिक न करने पर खोज की तो पता चला कि वह घर से गायब है। इसको लेकर वह काफी परेशान है। थाने में एसएचओ के सामने शिकायत करते हुए वह रोने लगी। इसके बाद एसएचओ ने उसके ब्वायफ्रेंड से फोन पर बात की और शीघ्र ही विवाद सुलझाने का भरोसा दिया।