लखनऊ। आलमबाग पुलिस ने मंगलवार को चोरी की बाइक समेत एक सिपाही को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया सिपाही गोंडा के इटियाथोक थाने में तैनाती के दौरान वर्ष 2011 में ड्यूटी से नदारद रहने के दौरान निलंबित किया गया था। आरोपी सिपाही ने अपने साथियों के नाम कबूले हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है। आलमबाग इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मवैया के ब्लंट स्क्वॉयर में एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकना चाहा। भागने की कोशिश करने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए संदिग्ध की पहचान सीतापुर के पिसावां बरगवां निवासी धर्मेंद्र वर्मा के रूप में हुई। बाइक के कागज न दिखा पाने पर सख्ती से पूछताछ में उसने कबूला की बाइक चोरी की है। बताया की 30 नवंबर को ही उसने नाका के संगारिका कलर लैब के पास से बाइक चुराई थी। इस पर और जानकारी की गई तो पता चला कि आरोपी गोंडा के इटियाथोक थाने में बतौर सिपाही तैनात था। वर्ष 2011 में ड्यूटी से नदारद रहने पर उसे निलंबित किया गया था। इसके बाद से वह वाहन चोरी की वारदात में लिप्त हो गया। धर्मेंद्र का पिता श्रीकृष्ण वर्मा भी लखीमपुर खीरी में सिपाही हैं। इससे पहले सात अक्तूबर को भी आशियाना पुलिस ने धर्मेंद्र को दो चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया था। जमानत पर छूटने के बाद वह फिर से वारदात करने लगा। पुलिस का कहना है कि, सिपाही धर्मेंद्र के गिरोह में और कई लोग शामिल हैं। आरोपी ने कुछ लोगों के नाम कबूले हैं।