प्रेमिका ने चार साल से पढ़ाई और रहन-सहन का खर्च वहन करने वाले प्रेमी से नौकरी लगते ही नजरें फेर ली। प्रेमिका के प्यार में पागल प्रेमी ने खूब मिन्नतें की, लेकिन ‘बेवफा’ का दिल नहीं पसीजा।
प्रेमी शादी का प्रस्ताव लेकर प्रेमिका के घर पहुंचा तो उसके परिजनों ने धुनाई कर उसे हवालात पहुंचा दिया। मामला मुजफ्फरनगर का है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र की साकेत कॉलोनी निवासी एक युवक की अपनी ही बिरादरी की युवती से चार साल पहले नजरें चार हो गई थीं। कुछ दिनों बाद प्रेमिका एमबीए करने के लिए दिल्ली चली गई, जिसका पूरा खर्चा प्रेमी ने वहन किया।
प्रेमी का दावा है कि वह तभी से खाने-पीने, पढ़ाई और कमरे का किराया अदा कर रहा है। हाल ही में युवती की एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी लग गई तो उसने प्रेमी से दूरियां बढ़ाना शुरू कर दिया।
युवक ने खूब प्रयास किए और मिन्नतें की, लेकिन वह नहीं मानी। हारकर प्रेमी शनिवार शाम युवती के घर पहुंचा और उसके परिजनों के सामने शादी का प्रस्ताव रखा।
इस पर परिजन आग बबूला हो गए और उसकी बुरी तरह से धुनाई कर दी। मारपीट के बाद प्रेमी को सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि फोटो के जरिए युवक परेशान कर रहा था।
हालांकि मामले को सुलझाने में जुटे समाज के कुछ लोगों के माध्यम से फोटो वाली चिप प्रेमी ने परिजनों को वापस भी कर दी है।