गंगा में कूदे युवक की लाश को निकलने के बाद मौजूद पुलिस एवं गोताखोर। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। नगर कोतवाली के महादेव घाट के पास एक युवक ने रविवार की देर रात किसी से फोन पर बात करते समय क्षुब्ध होकर गंगा में छलांग लगा दी। जानकारी होने के बाद गोताखोर उसकी तलाश में जुट गए। घंटों मशक्कत करने के बाद सोमवार को साढ़े ग्यारह बजे युवक का शव घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर बरामद की गया। युवक का शव देखकर परिजन बिलखने लगे। लोगों ने सांत्वना देर उन्हें शांत कराया।
गोराबाजार निवासी सूरज गुप्ता (22) देर रात मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। बात करते हुए बड़ा महादेव घाट पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अभी आसपास के लोग कुछ समझ पाते युवक ने बात करते समय गंगा में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। इधर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और रात अधिक होने के कारण छानबीन के बाद वापस लौट आई। जबकि परिवार के सदस्य युवक की तलाश में जुटे रहे लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरे दिन सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक बार फिर पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। करीब 11.30 बजे कड़ी मशक्कत के बाद घटना स्थल से कुछ दूरी से युवक का शव बरामद हुआ। स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों की तलाश की जा रही है।