कोतवाली क्षेत्र के नगर स्थित करपूरा घाट के पास गंगा नदी में सोमवार को नहाते समय एक युवक डूब गया। हादसे की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम मौके पर तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली।
दरौली गांव निवासी अरविंद गुप्ता (24) सुबह नौ बजे गंगा तट के पास स्थित करपूरा मंदिर पहुंचा। जहां उसने गंगा नदी में दो बार नहाने का प्रयास किया, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने पानी अधिक होने पर नहाने से मना कर दिया। इस पर युवक कुछ देर से लिए मंदिर पर चला गया और इधर-उधर घूमता रहा। वह पुन: शाम करीब चार बजे नहाने के लिए नदी में चला गया। नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। जब तक लोग उसे बचाने का प्रयास करते वह डूब चुका था। हादसे के बाद परिजन भी घाट पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक की तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस संबंध में कोतवाल दीपेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के डूबने की सूचना मिली है। युवक दिमागी रूप से कमजोर था। खोजबीन की जा रही है। पानी का बहाव तेज होने के कारण दिक्कत आ रही है।