गहमर। कोतवाली क्षेत्र के ताड़ीघाट-बारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की देर शाम गहमर ईदगाह के समीप कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं बाइक के पीछे बैठे गहमर कोतवाली में तैनात कांस्टेबल जख्मी हो गया। टक्कर मारने के बाद चालक कार को लेकर मौके से लेकर फरार हो गया।
गहमर क्षेत्र के फकीरपुर स्थित साईं मंदिर के पुजारी राजकिशोर सिंह का बड़ा पुत्र गोलू सिंह (24) एवं गहमर कोतवाली में 112 में तैनात कांस्टेबल राकेश पाल रविवार की शाम बाइक से कहीं जा रहे थे। ईदगाह के पास एक तेज रफ्तार कार से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में गोलू और राकेश पाल घायल हो गए। गोलू और राकेश को उपचार के लिए निजी चिकित्सालय भेजवाया गया। गोलू की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने हादसे की सूचना पुलिस को नहीं दी।