औड़िहार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के लूढ़ीपुर गांव स्थित नहर पुलिया पर शनिवार दोपहर दो बजे विवाद समाप्त कराने के बहाने बुलाकर बाइक सवार तीन लोगों ने जान से मारने की नियत से एक युवक को गोली मार दी। दो गोलियां दाहिने जांघ में लगीं। बीच-बचाव करने आए बड़े भाई के सिर पर भी चाकू से वारकर हमलावर फरार हो गए। घायलों को सीएचसी सैदपुर लाया गया। डॉक्टरों ने गोली से घायल युवक को मेडिकल काॅलेज अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक लूढ़ीपुर गांव निवासी हरिकेश यादव (20) घर पर था। मोबाइल पर किसी का फोन आने के बाद वह नहर पुलिया पर पहुंचा। कुछ दूरी पर खेत में बड़े भाई रामप्रवेश (24) में थे। भाई को पुलिया पर देख उन्हें कुछ अनहोनी की आशंका हुई तो वे भी पुलिया की तरफ बढ़ गए। इसी दौरान बाइक से तीन हमलावर पहुंचे। पहले हरिकेश यादव से कहासुनी हुई फिर हमलावरों ने तमंचे से लक्ष्य कर उसे गोली मार दी। दाहिने जांघ में दो गाली लगने से युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। इधर शोर मचाते हुए रामप्रवेश भी घटना स्थल की तरफ दौड़े। हमलावर उनके सिर पर भी चाकू से वार किया और फरार हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण हमलावरों का पीछा करने लगे, लेकिन तीनों भागने में सफल रहे। घायल दोनों भाइयों को सीएचसी सैदपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने हरिकेश की हालत गंभीर होने पर मेडिकल काॅलेज अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि रामप्रवेश का उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस सीएचसी पहुंची और घटना की जानकारी ली। रामप्रवेश यादव ने पुलिस को बताया कि एक सप्ताह पूर्व एक शराब की दुकान पर हरिकेश यादव से डहरागांव निवासी साकिब से झगड़ा हो गया था। छोटे भाई के मोबाइल पर लालू यादव का फोन आया, उसने उसे झगड़ा समाप्त करने के लिए पुलिया पर बुलाया था। गोली मारने वालों में साकिब, लालू और कैफ थे। इधर सैदपुर सीओ शेखर सेंगर ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। सैदपुर कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि घायल रामप्रवेश यादव की तहरीर पर साकिब, लालू और कैफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।