सुबह ग्रामीणों की नजर गांव के बाहर सिवान में एक पेड़ की टहनी से लटकते एक शव पर पड़ी। इधर घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। प्रत्क्षदर्शियों के मुताबिक मृतक का पैर जमीन से सटा हुआ था। उसका गमछा पेड़ की दूसरे डाली पर पड़ा था, जबकि उसका शरीर दुपट्टे के फंदे से लटक रहा था।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि हत्या कर शव को पेड़ की टहनी से लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शव को उतारकर कब्जे में लेने का प्रयास करने लगी। इस पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने एवं मुआवजे की मांग करने लगे।
कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा गौरव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने में जुट गए, लेकिन बात नहीं बनी। इधर सूचना मिलते ही पहुंचे जमानिया एसडीएम विजय बहादुर यादव ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया। तब जाकर शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इधर मृतक के पिता विनोद पाल ने पड़ोस की एक महिला के खिलाफ नामजद तहरीर दी। भुड़कुड़ा सीओ गौरव कुमार सिंह ने बताया कि एक महिला के खिलाफ तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्जकर छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।