बिरनो थाना क्षेत्र के सियारामपुर गांव में बृहस्पतिवार को हरा बांस काटते समय करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस को सूचना दिए बिना ही परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मरदह थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बा निवासी कृष्णा बासफोर (24) सुबह सियारामपुर गांव स्थित ससुराल में बांस काट रहा था। इस दौरान बांस के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के स्पर्श से करेंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजन रोते- बिलखते मौके पर पहुंच गए। इधर घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव लेकर मरदह स्थित कस्बा लेकर आ गए। इधर शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की एक पुत्री है। पत्नी माधुरी सहित परिजनों के रोने बिलखने से पूरा माहौल गमगीन हो गया। कृष्णा परिवार का एकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत से परिवार के समक्ष जीवकोपार्जन का संकट उत्पन्न हो गया है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।