सायर गांव मृतक अनुज कुमार राम की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
सेवराई। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव स्थित बीच से टूटी पुलिया से बुधवार की देर शाम गिरकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वह चचेरे जीजा के घर गया था। वहां से वह वापस लौट रहे थे। करीब तीन वर्ष से हसनपुरा व नसीरपुर के बीच नाले पर बना पुलिया बीच से टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
भदौरा विकास खंड के सायर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष यादव ने बताया कि सायर गांव निवासी अनुज कुमार राम (22) अपने दो साथियों के साथ रिश्ते के चचेरे जीजा के घर हसनपुरा गया था। देर शाम वह दोनों साथियों को वहीं छोड़कर बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक क्षतिग्रस्त पुलिया के पास अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए परिजनों के युवक को मऊ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवा को परिजन शव लेकर घर पहुंचे ओर पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा लिखित शिकायत मिलने पर विधिक कार्रवाई होगी। रेवतीपुर थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर परिजनों से संपर्क किया गया था कि हादसा संबंधित तहरीर थाने पर लाकर दीजिए, जिससे आगे की विधिक कार्रवाई हो, लेकिन परिवार के सदस्य थाने पर नहीं आए।