अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को योग शिविर लगाया गया। इसमें हजारों लोगों ने भाग लिया। शिविर में प्रशिक्षकों ने लोगों को योग विभिन्न योग के गुर सिखाए तथा अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने की अपील की। स्कूलों और महाविद्यालयों में भी शिविर लगाया गया। बच्चों से लेकर बूढ़ों तक में योग के प्रति उत्साह दिखा।
पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में योग शिविर का शुभारंभ दीप जलाकर किया गया। योग प्रशिक्षक शिवशंकर राय ने ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, घुटना संचालन, ताड़ आसन, वृक्ष आसन, पादहस्त आसन, त्रिकोण आसन, वज्र आसन, उत्तानमंडूक आसन, भुजंग आसन, पवनामुक्त आसन, शव आसन, प्राणायाम आदि का अभ्यास कराया।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि आज पूरा विश्व योग की महत्ता समझ रहा है और तमाम जटिल रोग योग और योगासन से साध्य हैं। विशिष्ट अतिथि एफटीसी के अपर सत्र न्यायाधीश अजय पाल सिंह ने कहा कि जिस शरीर से सामाजिक, आर्थिक दायित्वों का निर्वहन करते हैं, उसके लिए प्रतिदिन एक घंटा समय अवश्य निकालें और योगासन कर स्वस्थ रहें।
पीजी कॉलेज के खेल मैदान में प्राचार्य हरिहर प्रसाद सिंह की देखरेख में योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एनसीसी के 550 कैडेटों ने योगाभ्यास किया। डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन की ओर से शहर के गोड़ा देहाती स्थित गायत्री शक्ति पीठ पर शिविर में लोगों को सुबह सात से नौ बजे तक योग कराया गया।