दुबिहां। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गडार गांव के पास बुधवार को मिक्सर मशीन से कुचलकर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक घर का अकेला कमाऊ व्यक्ति था। हादसा उस समय हुआ जब ताजपुर गांव से करीब 10 मजदूर मिक्सर मशीन लेकर छत की ढलाई के लिए बलिया के टीकादेवरी नगपुरा जा रहे थे।
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पावपट्टी गांव निवासी भीम राजभर (40) अपने दस अन्य साथी मजदूरों के साथ बलिया जनपद के टीकादेवरी नगपुरा गांव में एक छत की ढलाई करने जा रहा था। कुछ मजदूर मिक्सर मशीन के ऊपर बैठे थे। ट्रैक्टर मशीन को लेकर जैसे ही गडार गांव के पास स्थित पुलिया के नजदीक पहुंचा ब्रेकर के आते ही भीम राजभर अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर पड़ा और मिक्सर मशीन के पहिए के नीचे आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथी मजदूरों ने घटना की सूचना परिजनों एवं पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ ही मिक्सर मशीन को भी थाने ले गई।
ग्रामीणों की मानें तो मृतक भीम राजभर के माता-पिता बचपन में ही गोलोकवासी हो चुके हैं। भीम की पत्नी मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी आठ साल की पुत्री और छह साल का पुत्र है।